• June 17, 2024 8:37 pm

पेंड्रा में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे;मैनपाट, कवर्धा, सरगुजा में भी कड़ाके की ठंड

20 दिसंबर 2022 |  गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सोमवार को इस सीजन का सबसे न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। यहां तापमान 10 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया है। कई जगहों पर ओस की बूंदें भी जम गई हैं। 9 डिग्री सेल्सियस की ठंड से बचने के लिए लोग दिन में भी अलाव तापने को मजबूर हैं। पेंड्रा से सटे अमरकंटक में भी तापमान 6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम दर्ज किया गया।

दिन में भी लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है। आने वाले दिनों में इलाके का तापमान और भी गिरने की संभावना है, जबकि अभी तक स्थानीय निकायों और जिला प्रशासन ने राहगीरों और आम जनता के लिए सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू नहीं की है।आसमान से बादल छंटने के बाद उत्तर दिशा से आ रही हवाओं ने छत्‍तीसगढ़ के मौसम को सर्द कर दिया है। अधिकतम में 2.2 और न्यूनतम तापमान में एक ही दिन में 3.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ गई है। कड़ाके की ठंड के बीच उत्तर छत्तीसगढ़ के मैनपाट में जमकर पाला गिरा है। यहां का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के करीब पहुंच गया है।

सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जंगल-पहाड़ों में भी कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। अंबिकापुर और पेंड्रा से लेकर कवर्धा के पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान 6-7 डिग्री पर पहुंच गया है।जशपुर के पंडरापाठ इलाकों में पारा 4 डिग्री के आसपास है। ओस जमने की वजह से सुबह घास से पुआल तक हर जगह बर्फ की चादर नजर आने लगी है। राजधानी रायपुर में भी 24 घंटे में रात का तापमान 4 डिग्री गिरकर 14 डिग्री के करीब पहुंच गया है।

बता दें कि उत्तर से पहुंची ठंडी हवा के असर से उत्तर छत्तीसगढ़ में शनिवार-रविवार की रात इस सीजन में सबसे ठंडी गुजरी। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री, मैनपाट 5.4 डिग्री और वहीं के घने-जंगल, पहाड़ों में 4 डिग्री पर पहुंच गया। कबीरधाम में भी न्यूनतम तापमान सबसे कम 6 डिग्री तक पहुंच गया।

राजनांदगांव में भी गिरा पारा

राजनांदगांव जिले में बीते 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में 7 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं अधिकतम तापमान 28 डिग्री पर रहा। वर्तमान में मिल रहे संकेत के मुताबिक, अगले 10 दिनों में राजनांदगांव जिले में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। रात के साथ दिन का तापमान भी सामान्य से 4 से 5 डिग्री तक नीचे जा सकता है। वहीं सर्द हवाओं के असर से ठिठुरन भी बनी रहेगी। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में मिल रहे संकेत के मुताबिक अगले 10 दिन न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच बना रह सकता है।

सोर्स :- “दैनिक भास्कर”                      

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *