• May 14, 2024 7:51 pm

गोबर ख़रीदी योजना के पीछे प्रदेश सरकार की बदनीयती और भ्रष्टाचार की मंशा को लेकर आशंका प्रामाणिक सिद्ध हुई : भाजपा

ByPrompt Times

Apr 12, 2021
भाजयुमो ने किया जिला अध्यक्ष एवं महामंत्रियों की घोषणा
  • किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने गौ-धन न्याय योजना की गोबर खरीदी में बड़ा घपला सामने आने पर नीति और नीयत पर सवाल दागकर हुए प्रदेश सरकार को ‘गोबर घोटाला वाली सरकार’ बताया
  • गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के ढिंढोरचियों के इस गोबर घोटाले ने कांग्रेस और प्रदेश सरकार की एक नई टैग लाइन गढ़ दी है- नरवा-गरवा-घुरवा-बारी, ये बोल-बोलके भ्रष्टाचार करबो संगवारी : जायसवाल
  • किसान मोर्चा की मांग- नोडल अधिकारी का निलंबन और ग्राम सेवक की ज़िम्मेदारी सुनिश्चित करना अपर्याप्त, पूरे मामले में प्रदेश सरकार की भूमिका को भी जाँच के दायरे में लाया जाए

रायपुरभारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामबिहारी जायसवाल ने गौ-धन न्याय योजना की गोबर खरीदी में बड़ा घपला सामने आने पर प्रदेश सरकार की नीति और नीयत पर सवाल दागते हुए प्रदेश सरकार को ‘गोबर घोटाला वाली सरकार’ बताया है और कहा है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बिहार की पूर्ववर्ती लालू सरकार के चारा घोटाले की तर्ज़ पर गोबर घोटाला करने लगी है। श्री जायसवाल ने तंज कसा कि गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के ढिंढोरचियों के इस गोबर घोटाले ने कांग्रेस और प्रदेश सरकार की एक नई टैग लाइन गढ़ दी है- नरवा-गरवा-घुरवा-बारी, ये बोल-बोलके भ्रष्टाचार करबो संगवारी।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जायसवाल ने कहा कि जिस दिन से इस योजना की शुरुआत प्रदेश सरकार ने की थी, उस दिन से ही भाजपा इस योजना के पीछे प्रदेश सरकार की बदनीयती और भ्रष्टाचार की मंशा को लेकर प्रदेश में जनजागरण कर रही है, लेकिन प्रदेश सरकार और कांग्रेस ने इसे भाजपा द्वारा गौ-धन न्याय योजना के विरोध के तौर पर अपप्रचार किया गया। श्री जायसवाल ने कहा कि आज गोबर खरीदी में घोटाला सामने आने के बाद प्रदेश सरकार की बदनीयती को लेकर भाजपा की आशंका प्रामाणिक सिद्ध हुई है। एक गाय के एक महीने में 12 सौ किलो गोबर देने पर हैरत जताते हुए भाजपा किसान नेता ने कहा कि एक महीने में 05 लाख किलो गोबर ख़रीदी का यह कारनामा करके प्रदेश सरकार और उसके मातहतों ने प्रदेश में भ्रष्टाचार की कलंक-गाथा का जो नया अध्याय रचा है, प्रदेश की जनता उसे कभी भूलेगी नहीं और समय आने पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को इसका हिसाब चुकता करना ही पड़ेगा क्योंकि अपनी योजनाओं से प्रदेश की ग्रामीण अर्थ-व्यवस्था की मज़बूती की बड़ी-बड़ी डींगें हांने वाली सरकार ने प्रदेश को आज कंगाली के मुहाने पर ला पटका है और घपलों-घोटालों के जरिए भ्रष्टाचारियों की जेबें मज़बूत करने का काम ही कांग्रेस शासन के कार्यकाल में हो रहा है।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जायसवाल ने पेंड्रा ज़िले के गुल्लीडांड गौठान में बिना ख़रीदी किए ही गोबर के नाम पर लाखों रुपयों का भुगतान कर दिए के मामले के ख़ुलासे का हवाला देकर कहा कि यहां 05 लाख किलो गोबर की काग़जों में फ़र्ज़ी ख़रीदी दर्शाकर सीधे-सीधे 10 लाख रुपए का घोटाला कर लिया गया है। इस गौठान में रजिस्टर में 3,64,301 किलो गोबर की ख़रीदी हुई जबकि ऑनलाइन एंट्री 8,40,212 किलो गोबर ख़रीदी दर्ज कराई गई और प्रति किलो दो रुपए की दर से 10 लाख रुपए का भुगतान कर दिया गया जिसे बाद में नगद लिया गया और कैश ट्रांसफर कराया गया। श्री जायसवाल ने कहा कि यह तो प्रदेश के एक गौठान का मामला सामने आया है, प्रदेश में ऐसे संचालित गौठानों की संख्या के अनुपात में गोबर ख़रीदी में प्रदेश सरकार के राजनीतिक व प्रशासनिक संरक्षण में भ्रष्टाचार और घोटाले का अनुमान लगा पाना ज़रा भी कठिन नहीं होगा। श्री जायसवाल ने इस मामले में नोडल अधिकारी के निलंबन और ग्राम सेवक की ज़िम्मेदारी सुनिश्चित करने को अपर्याप्त माना है और कहा है कि पूरे मामले में प्रदेश सरकार की भूमिका को भी जाँच के दायरे में लाया जाए ताकि गोबर ख़रीदी के नाम पर मची लूट के तमाम सत्य और तथ्यों का ख़ुलासा हो सके और ग़रीबों, किसानों और पशुपालकों के साथ अन्याय के दोषी दंडित हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *