• June 8, 2026 3:26 am

राजधानी का हो रहा विकास, स्वच्छता के साथ सौंदर्यकरण में आगे हो रहा रायपुर

Share More

मार्गे स्वच्छता विराजते।
ग्रामे सुजना: विराजते।

अर्थात: सड़क पर सफाई होने से पता चलता है कि गांव में स्वच्छ लोग रहते हैं।

25  नवम्बर2021 | किसी राज्य की राजधानी पर पूरे राज्य के लोगों की नजरें और उम्मीदें रहती हैं, लोग राजधानी की तरह ही अपने शहरों, कस्बों, गांवों को विकसित करने की चाह रखते हैं। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से भी पूरे प्रदेश में एक सन्देश जाता है, वो सन्देश शहर सफाई, तेज विकास, सबके आकांक्षाओं की पूर्ति और आपसी भाईचारे का है।

रायपुर ने हाल ही में आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण में विभिन्न पुरस्कार प्राप्त कर अपना नाम मजबूती के साथ सबके सामने रखा है और आने वाले समय में भी हम अपने मजबूत इरादों से इस सफलता की श्रृंखला को जारी रखेंगे।

रायपुर के विकास में यहाँ के सभी नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान है। नगर पालिक निगम रायपुर के सभी सफाईकर्मी, अधिकारी-कर्मचारी, सभी 70 पार्षद, एल्डरमैन एवं अन्य सभी सहयोगी इस शहर के विकास के सारथी हैं और सबके सहयोग से हम उन्नति के पथ पर आगे बढ़ते रहेंगे।

उद्यमेन हि सिध्यन्ति कार्याणि न मनोरथैः।
न हि सुप्तस्य सिंहस्य प्रविशन्ति मुखे मृगा:।।

अर्थात: व्यक्ति के मेहनत करने से ही उसके काम पूरे होते हैं। सिर्फ इच्छा करने से उसके काम पूरे नहीं होते। जैसे सोये हुए शेर के मुंह में हिरण स्वयं नहीं आता, उसके लिए शेर को परिश्रम करना पड़ता है।

रायपुर की तरक्की के लिए हम सिर्फ बातें ही नहीं कर रहे। तय लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए नगर निगम और पूरी टीम धरातल पर कार्यरत हैं। शहर की सफाई के लिए स्वीपिंग मशीन एवं पर्याप्त संसाधन की उपलब्धता के लिए हम कार्ययोजना बना रहे हैं। नदियों की साफ़ सफाई के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट भी लगभग बनकर तैयार है।

शहर को सुन्दर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए भी हमने अनेक महत्वपूर्ण कदम उठायें हैं जैसे- विभिन्न तालाबों का सौन्दर्यीकरण, चौक-चौराहों का जीर्णोद्धार, ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से रायपुर को स्मार्ट शहर बनाने की पहल नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा किया जा रहा है।

शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर हमारा विशेष ध्यान है, जिसके लिए हमने मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया और शहर के भीड़भाड़ से दूर क्षेत्र में बस स्टैंड को स्थानांतरित कर रायपुर वासियों को राहत देने का कार्य किया है।

आरोग्यं परमं भाग्यं स्वास्थ्यं सर्वार्थसाधनम्॥

अर्थात: निरोगी होना परम भाग्य है और स्वास्थ्य से अन्य सभी कार्य सिद्ध होते हैं॥

छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग से नगर पालिक निगम रायपुर ने आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किया है।

आज धन्वंतरी मेडिकल स्टोर योजना से लोगों को निर्धारित मूल्य से भी आधी कीमत पर दवा उपलब्ध हो रही है, साथ ही मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत मोबाइल मेडिकल वेन की घर पहुँच सुविधा का लाभ भी जरुरतमंदों को मिल रहा है। महिलाओं के लिए दाई दीदी क्लीनिक भी वरदान साबित हुई है।

छत्तीसगढ़ सरकार और नगर निगम रायपुर नागरिकों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है। हमने कोरोना काल में भी जनता की हर संभव मदद की और अल्प समय में ही कोविड सेंटर बनाये जिससे हजारों मरीज लाभान्वित हुए। वर्तमान में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर सतत रूप से कार्य किया जा रहा है।

हम राजधानी रायपुर को मध्य भारत के प्रमुख बाजार के रूप में स्थापित करने का प्रयास भी कर रहे हैं, जिससे लोगों को रोजगार मिल सकेगा एवं शहर की तरक्की सुनिश्चित हो सकेगी। पंडरी बाजार, गोल बाजार, डूमरतराई मार्केट और भी बाजारों के माध्यम से रायपुर बिज़नस हब बनने की ओर अग्रसर है।

हमारी सभी योजनायें समाज के अंतिम छोर में बैठे व्यक्ति को सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने हेतु संचालित हो रही है और आने वाले समय में रायपुर सर्वंगीण विकास की नई मिसाल पेश पूरे देश में पेश करेगा।


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *