जम्मू. केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में आज तड़के दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा इलाके में पदगामपोरा गांव में सुरक्षा बलों ने एक मुठभेड में दो आतंकवादियों को मार गिराया। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त दल ने विशेष सूचना मिलने पर इलाके की घेराबंदी की थी।
तलाशी के दौरान मस्जिद में छिपे आतंकवादियों ने संयुक्त दल पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी थी। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में सेना के दो जवान एक आतंकवादी को काबू में करते हुए गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक जवान बाद में शहीद हो गया।
पुलिस ने एक बयान में कहा है कि पवित्र स्थल को देखते हुए अत्यधिक सावधानी बरती गई और सीमित मात्रा में गोलीबारी का इस्तेमाल हुआ। मस्जिद के अंदर प्रार्थना कर रहे लोगों को समय रहते निकाल लिए जाने से कोई हताहत नहीं हुआ।
पास की इमारत के स्नानघर में छिपे दूसरे आतंकवादी की तलाश शुरू करते समय भी सावधानी बरती गई और आतंकवादी पर काबू पाने से पहले 14 नागरिकों को वहां से निकाल लिया गया।
