• May 31, 2026 3:36 pm

अंडर-19 वर्ल्ड कप: भारत और इंग्लैंड के बीच फाइनल

ByPrompt Times

Feb 6, 2026
Share More

हरारे। लुबाबालो गकुमा और शॉन हैग को आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल के लिए ऑन-फील्ड अंपायर नियुक्त किया गया है। गुरुवार को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने इसकी घोषणा की है। खिताबी मुकाबला भारत और इंग्लैंड के बीच शुक्रवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। साउथ अफ्रीका के रहने वाले गकुमा बांग्लादेश के खिलाफ भारत की 18 रन की जीत और पाकिस्तान पर सुपर सिक्स जीत के साथ-साथ बांग्लादेश पर इंग्लैंड की सात विकेट की जीत में अंपायर रह चुके हैं।
न्यूजीलैंड के हैग ने अफगानिस्तान के विरुद्ध भारत की सेमीफाइनल जीत में अंपायरिंग की थी, लेकिन टूर्नामेंट में इंग्लैंड के किसी गेम में अभी तक अंपायरिंग नहीं की है। जहिद बसरथ थर्ड अंपायर होंगे, जबकि मसुदुर मुकुल फोर्थ अंपायर होंगे, और ग्रीम ला ब्रूय मैच रेफरी होंगे। अंडर-19 वर्ल्ड कप में ऐसा दूसरी बार होगा, जब खिताबी मैच में भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। इससे पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप-2022 में दोनों टीमें आमने-सामने रही थीं।
इस विश्व कप दोनों ही टीमें अजेय रही हैं। भारतीय टीम अपना 10वां फाइनल खेलने जा रही है, जबकि इंग्लैंड छठी बार फाइनल खेलेगा। इंग्लैंड को अपने दूसरे खिताब की तलाश है। इस टीम ने साल 1998 में इकलौती बार ट्रॉफी अपने नाम की थी, जबकि भारत ने 5 बार खिताब जीता है। टीम इंडिया ने सेमीफाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान के खिलाफ 311 रन का पीछा करते हुए जीत दर्ज की थी। वहीं, इंग्लैंड की टीम गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 27 रन से मात देकर फाइनल में पहुंची है।
भारत की अंडर-19 टीम: आरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, हरवंश पंगालिया, मोहम्मद एनान, उधव मोहन, किशन कुमार सिंह। इंग्लैंड की अंडर-19 टीम: बेन डॉकिन्स, जोसेफ मूरस, बेन मेयस, थॉमस रीव (विकेटकीपर/कप्तान), कालेब फाल्कनर, राल्फी अल्बर्ट, फरहान अहमद, सेबेस्टियन मॉर्गन, जेम्स मिंटो, मैनी लम्सडेन, एलेक्स फ्रेंच, एलेक्स ग्रीन, इसाक मोहम्मद, ल्यूक हैंड्स, विल बेनिसन, अली फारूक।


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *