अमेठी के सियासी रण में भाजपा की स्मृति जूबिन इरानी के समक्ष अब किशोरी लाल शर्मा के कांग्रेस प्रत्याशी बनने के बाद भाजपा व कांग्र्रेस दोनों ने अलग-अलग प्लान तैयार किया है। अभी तक भाजपा हर मोर्चे पर राहुल गांधी को निशाने पर ले रही थी, अब उसने पैटर्न बदलकर घर-घर दस्तक देने की योजना बनाई है।
कांग्रेस ने भी नये सिरे से रणनीति तैयार की है। इसके लिए दिल्ली से अलग प्लानिंग की रूपरेखा तैयार की गई है। इसी बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रायबरेली पहुंच गई है।
भाजपा: हर घर पर नजर
चुनावी समर को अपने पक्ष में करने के लिए भाजपा की पूरी टीम लगी हुई है। पार्टी सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के साथ ही हरेक मतदाता पर नजर रख रही है। इसके लिए पन्ना प्रमुखों को लगाया गया है। हरेक पन्ना प्रमुख को मतदाताओं की एक संख्या दी गई है, उसी पर पन्ना प्रमुख को फोकस करना है। उन मतदाताओं का मूड क्या है।
इसके साथ ही ऐसे लोगों को भी खोजना है, जो किसी कारण से दूसरे दल में है लेकिन, वहां से नाराज है। महिला संगठनों की टीम को अलग से लगाया गया है। महिलाएं घर-घर जाकर बहू से लेकर सास तक से संवाद कर रही है।
