नई दिल्ली. 14 मार्च. लंदन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लोकतंत्र पर की गई टिप्पणी और अन्य मुद्दों को लेकर हुए हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। लोकसभा में आज सुबह जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो सत्ता पक्ष के सदस्यों ने राहुल गांधी के माफी मांगे जाने को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेस, डीएमके और अन्य पार्टी सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पूर्व कथित टिप्पणियों का हवाला देते हुए इसका विरोध किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बार-बार हंगामा कर रहे सदस्यों से सदन में व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वह किसी भी मुद्दे पर चर्चा की अनुमति देंगे, लेकिन हंगामा कर रहे सदस्यों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए रोक दी गई। (वी.के. झा )
