09 नवम्बर 2021 | छत्तीसगढ़ में आ रही शुष्क हवाओं के प्रभाव से बीते कुछ दिनों से राजधानी रायपुर सहित प्रदेश भर में ठंड बढ़ते जा रही है। सोमवार को रायपुर का पारा भी सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही ठंड से आने वाले दिनों में थोड़ी राहत मिल सकती है। 10 नवंबर से दक्षिण छत्तीसगढ़ में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के आसार है। साथ ही 11 नवंबर से उत्तरी छत्तीसगढ़ में भी न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के आसार है। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तो आंशिक रूप से बादल भी छाए रहेंगे।
सोमवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा। न्यूनतम व अधिकतम तापमान में गिरावट के कारण इन दिनों दोपहर की धूप भी चुभने वाली नहीं है। रात के समय तो ठंड में बढ़ोतरी हुई है। सोमवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा और प्रदेश भर में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेन्ड्रा रोड में 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह बन रहा सिस्टम
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि इन दिनों प्रदेश में शुष्क हवाएं आ रही है और मंगलवार नौ नवंबर को भी मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 10 नवंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ में अधिकतम व न्यूनतम तापमानों में बढ़ोतरी के आसार है।
सजने लगे गर्म कपड़ों के स्टाल
शहर में विभिन्न क्षेत्रों में अब गर्म कपड़ों के स्टाल सजने लगे है। यहां ऊलन कपड़े, जैकेट व अनम्य उत्पादों की नई-नई रेंज भी आ गई है। साथ ही ग्राहकों के लिए आकर्षक रूप से 20 फीसद तक छूट दिया जा रहा है।
Source :- “नई दुनिया”
