• June 7, 2026 5:37 pm

दिल्ली में फिर बदलेगा मौसम, इन राज्यों में ‘लू’ की चेतावनी, जानें कहां होगी भारी बारिश

ByPrompt Times

Apr 25, 2022
Share More

25 अप्रैल 2022 | भारतीय मौसम विज्ञान विभाग(IMD) के मुताबिक हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, पश्चिमी मध्यप्रदेश और गुजरात के अधिकांश शहरों में भीषण लू चलने की संभावना है। उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में लोग तेज लू के शिकार हो रहे हैं। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार से मौसम में बदलाव की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की कम सक्रियता की वजह से सोमवार से पारा चढ़ सकता है। हालांकि, शाम को बादल छाने के साथ आंधी तूफान आने से राहत मिल सकती है। सप्ताह के मध्य तक अधिकतम पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का पूर्वानुमान है।

इन राज्यों में चलेगी भीषण लू
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग(IMD) के मुताबिक हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, पश्चिमी मध्यप्रदेश और गुजरात के अधिकांश शहरों में भीषण लू चलने की संभावना है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में भी लू (heat wave) की स्थिति हो सकती है।

इन राज्यों में बारिश के आसार
नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा , अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय के कुछ जिलों के साथ दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इस बार आगामी मानसून में देश में होगी सामान्य बारिश
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक इस बार भी देश में सामान्य बारिश होगी। देश में साल 2019,2020 और 2021 में भी सामान्य बारिश हुई थी। आईएमडी के अनुसार, इस साल दीर्घावधि औसत बारिश जून से सितंबर तक 99 फीसदी रह सकती है।

बीते दिनों इन राज्यों में हुई बारिश
रविवार को असम, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु और गोवा के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं केरल, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश होती रही।

बिहार में इस बार 16 से 18 जून तक मानसून के आसार
बता दें कि बिहार में इस बार मानसून 16-18 जून के बीच आएगा। पिछले साल, मानसून ने 12 जून को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में पूर्णिया के माध्यम से बिहार में प्रवेश किया था।

Source;-“अमर उजाला”  


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *