नवंबर 7 2023 ! इज़राइल की सेनाओं के मुख्य प्रवक्ता डेनियल हगारी ने जब रविवार रात ये बयान दिया, तो उस तस्वीर पर मुहर लग गई, जो पिछले कुछ दिनों से ग़ज़ा पट्टी में उभरती दिख रही थी.
डेनियल हगारी का ये बयान उस रात आया, जब इज़राइल ने ग़ज़ा पट्टी पर भारी बमबारी की थी. ग़ज़ा में मौजूद बीबीसी के संवाददाता रुश्दी अबुअलूफ़ ने बताया कि ग़ज़ा में इज़राइल ने इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी थी.
रुश्दी ने कहा कि ये ग़ज़ा के लिए ‘बहुत ही मुश्किल रात थी’, और वैसे तो सोमवार की सुबह ग़ज़ा में संचार सेवाएं बहाल हो गई थीं. लेकिन ग़ज़ा शहर से कोई जानकारी हासिल कर पाना अभी भी बेहद मुश्किल था.
वहीं, ग़ज़ा शहर में स्थित अल-शिफ़ा अस्पताल के निदेशक ने बताया कि लोग लाशों को गधों और अपनी कारों में लादकर ला रहे थे, क्योंकि ब्लैकआउट की वजह से एंबुलेंस की सेवा ठप हो गई थी.
इसके अलावा, बताया गया कि रात में इज़राइल की भारी बमबारी में 200 लोग मारे गए.
इज़राइल की सेना ज़ोर देकर कहती है कि उत्तरी ग़ज़ा में हमास, ‘अस्पतालों का इस्तेमाल जंग के लिए’ कर रहा है. हालांकि, अल-शिफ़ा अस्पताल के निदेशक इज़राइल के इस दावे को सरासर ग़लत बताते हैं. वो कहते हैं कि ग़ज़ा में स्वास्थ्य सेवाएं, संयुक्त राष्ट्र की निगरानी के लिए खुली हुई हैं.
हमास के नियंत्रण वाले गज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, इज़राइल की बमबारी से सोमवार तक ग़ज़ा पट्टी में मरने वालों की तादाद 10,022 पहुंच गई थी.
बीबीसी के कूटनीतिक मामलों के संवाददाता पॉल एडम्स के मुताबिक़, जब पिछले हफ़्ते जब उत्तरी और दक्षिणी ग़ज़ा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क सलादिन हाइवे पर एक टैंक दिखा था, तब से ही ये साफ़ हो गया था कि इज़राइल, उत्तरी ग़ज़ा के एक हिस्से को बाक़ी ग़ज़ा पट्टी से काटने को तरज़ीह दे रहा है.
उसके बाद के दिनों में सलादिन रोड और तटीय क्षेत्र के खुले इलाक़ों में ज़बरदस्त लड़ाई देखने को मिली थी.
उस इलाक़े की कई इमारतें जैसे कि तुर्की फ्रेंडशिप हॉस्पिटल, इस भयंकर लड़ाई का निशाना बन गए थे. वहीं, पिछले हफ़्ते की लगातार बमबारी से अल-अज़हर यूनिवर्सिटी की हाल ही में बनीं कई शानदार इमारतें, पूरी तरह तबाह हो गई हैं. ये इमारतें मोरक्को और सऊदी अरब की आर्थिक मदद से बनाई गई थीं.
इसी तरह, पॉल एडम्स बताते हैं कि तटीय इलाक़े में उत्तरी और दक्षिणी ग़ज़ा को जोड़ने वाले अल राशिद हाइवे पर, पिछले हफ़्ते से ही इज़राइल की बख़्तरबंद गाड़ियों ने क़ब्ज़ा कर लिया है.
सोर्स :-“BBC न्यूज़ हिंदी”
