• April 25, 2024 6:03 pm

रूस-यूक्रेन युद्ध का भारतीय अर्थव्यवस्था पर क्‍या होगा असर, विदेश मंत्रालय ने की स्थिति स्‍पष्‍ट

24 नवंबर 2022 |  रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को अब 9 महीने हो गए हैं। यह खत्‍म होने का नाम नहीं ले रहा है। एक जंग का देश व दुनिया पर असर पड़ता है। यदि आप सोच रहे होंगे कि इस जंग का हमारे देश की अर्थव्‍यवस्‍था पर क्‍या असर पड़ रहा हो तो आज इस पर सरकार ने जवाब देकर स्थिति साफ कर दी है। विदेश मंत्रालय की संसदीय स्थायी समिति की बुधवार को हुई बैठक में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने रूस-यूक्रेन संघर्ष के वैश्विक प्रभाव और स्थिति पर भारत की प्रतिक्रिया के बारे में जानकारी दी।

आश्वस्त किया कि भारतीय अर्थव्यवस्था पर इसका कम असर पड़ेगा। भारत ने रूस-यूक्रेन संघर्ष पर अपनी चिता व्यक्त की है और बातचीत और कूटनीति का समर्थन किया है। कई सदस्यों ने संघर्ष के कारण यूक्रेन से लौटे छात्रों के भविष्य के अलावा रूस से ऊर्जा आपूर्ति और यूक्रेन के साथ व्यापार संबंधों के बारे में भी पूछा। रूस भारत के प्रमुख रक्षा आपूर्तिकर्ताओं में से एक है।

हाल के महीनों में रूस से भारत का तेल आयात बढ़ा है। अधिकारियों ने कहा कि यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने बिगड़ती सुरक्षा स्थिति और पूरे यूक्रेन में शत्रुता बढ़ने के मद्देनजर एडवाइजरी जारी की थी और भारतीय नागरिकों को यूक्रेन की यात्रा न करने की सलाह दी थी।

सूत्रों ने कहा कि विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समिति को बताया कि यूक्रेन-रूस संघर्ष का प्रभाव दुनिया पर पड़ेगा लेकिन जहां तक भारतीय अर्थव्यवस्था का संबंध है, इसका “”कम प्रभाव”” पड़ने की संभावना है। पैनल के एक सदस्य ने बताया कि विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने यूक्रेन-रूस संघर्ष के बारे में एक विस्तृत प्रस्तुति दी।

सोर्स :-“नईदुनिया”                                

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *