• June 8, 2026 6:47 am

बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक के बाद क्‍या बदल जाएगा UPA का नाम? कांग्रेस बोली- मिलकर करेंगे फैसला

Share More

17 जुलाई 2023 ! कांग्रेस (Congress) के नेतृत्‍व वाले संयुक्‍त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) का नाम बदलने की चर्चा है. सूत्रों का दावा है कि बेंगलुरु में होने वाली विपक्ष की बैठक से पहले नया नाम तय हो सकता है. दरअसल, इस संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल (KC Venugopal) ने संवाददाता सम्‍मेलन में कहा कि गठबंधन के नाम को लेकर सामूहिक निर्णय लिया जाना है और कांग्रेस इस मुद्दे पर अकेले निर्णय नहीं लेगी. बेंगलुरु की बैठक में 20 से अधिक दलों के शामिल होने की संभावना है. इसमें मुख्‍य तौर पर कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अन्‍य दल शामिल होंगे.

कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने कहा, ‘हम सब मिलकर निर्णय लेंगे. मैं आपको अभी नहीं बता सकता कि किन मुद्दों पर चर्चा होने वाली है? कांग्रेस अकेले यह निर्णय नहीं ले रही है. सभी विपक्षी दल एक साथ बैठेंगे और एकजुट होकर निर्णय लेंगे.’ उधर सूत्रों के मुताबिक, प्रस्तावित भाजपा विरोधी गुट का एक न्यूनतम साझा कार्यक्रम होगा. बैठक के दौरान राज्य-दर-राज्य आधार के हिसाब से सीट बंटवारे पर चर्चा होगी.

सूत्रों ने कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन का न्यूनतम साझा कार्यक्रम और संचार बिंदुओं का मसौदा तैयार करने के लिए एक उप-समिति का गठन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के संयुक्त प्रचार कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के लिए एक उप-समिति के गठन की उम्मीद है, जिसमें रैलियां, सम्मेलन और आंदोलन शामिल हैं.

बैठक के दौरान विपक्षी दल संभवतः इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) का मुद्दा उठाएंगे और चुनाव आयोग को सुधार का सुझाव देंगे. सूत्रों ने कहा कि प्रस्तावित गठबंधन के लिए एक साझा सचिवालय स्थापित किए जाने की संभावना है. उन्होंने आगे कहा कि बैठक मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संबोधन के साथ शुरू होने की उम्मीद है. बैठक के बाद शाम 4 बजे संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होनी है.

सोर्स :-“न्यूज़ 18 हिंदी|”   


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *