नई दिल्ली, 21 मार्च। पूर्वोत्तर राज्यों के लिए भारत गौरव रेलगाडी को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से आज दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर झंडी दिखाकर रवाना किया गया । डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन 15 दिन की अपनी यात्रा में असम के गुवाहाटी, शिवसागर, फुर्केटिंग और काजीरंगा, त्रिपुरा में उनाकोटी और अगरतला, नागालैंड में दीमापुर और कोहिमा तथा मेघालय में शिलांग और चेरापूंजी तक जायेगी। पर्यटक गाजियाबाद, अलीगढ़, टुंडला, इटावा, कानपुर और लखनऊ से इस रेलगाडी में यात्रा शुरू कर सकते हैं। इस ट्रेन में दो बेहतरीन रेस्तरां और एक किचन है। पूरी तरह से वातानुकूलित ट्रेन में तीन अलग-अलग श्रेणियों में आरक्षण उपलब्ध होगा। ट्रेन सीसीटीवी कैमरे और सामान सुरक्षित रखने के लिए इलेक्ट्रोनिक लॉकर से सुसज्जित है। प्रत्येक कोच के लिए अलग से सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगे। घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और ‘देखो अपना देश’ पहल के अनुरूप भारत गौरव रेलगाडी सेवा की शुरूआत की गई है। (वी.के. झा)