• June 8, 2026 8:30 am

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्‍ट्रपति भवन में अलंकरण समारोह में प्रदान किये पद्म पुरस्‍कार

Share More

नई दिल्ली, 05 अप्रैल।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्‍ट्रपति भवन में दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में 2023 के 55 पद्म पुरस्‍कार प्रदान किये। उन्‍होंने तीन पद्म विभूषण, पांच पद्म भूषण और 47 पद्मश्री पुरस्‍कार प्रदान किये।  ओआरएस के जनक डॉक्‍टर दिलीप महालनाबिस और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत पद्म विभूषण पुरस्‍कार दिया गया। राष्ट्रपति ने परोपकारी सुधा मूर्ति, भौतिक विज्ञानी प्रोफेसर दीपक धर, कन्नड़ लेखक डॉक्‍टर एस.एल. भैरप्पा और आध्यात्मिक गुरू त्रिदंडी चिन्ना जीयर स्वामीजी को पद्म विभूषण प्रदान किया। महान गायिका वाणी जयराम को मरणोपरांत पद्म भूषण दिया गया।

राष्ट्रपति मुर्मू ने संगीतकार एमएम कीरावनी, पिथौरा चित्रकार परेश राठवा, जल संरक्षणवादी उमाशंकर पांडे, संबलपुरी लोक गायक कृष्णा पटेल, गणितज्ञ सुजाता रामदोराई, शिक्षक आनंद कुमार, अभिनेत्री रवीना टंडन और औषधीय पौधा किसान पटेट कुमार साहू सहित अन्य लोगों को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया। कुष्ठ प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता गजानन जगन्नाथ माने और लकड़ी की नक्काशी के माध्यम से माओवादियों के पुनर्वास के लिए काम करने वाले अजय कुमार मंडावी को पद्म श्री से सम्मानित किया गया।  इस अवसर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, गृह मंत्री अमित शाह, सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। पिछले महीने की 22 तारीख को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पहले नागरिक अलंकरण समारोह में 54 पद्म पुरस्कार प्रदान किए थे।  (वी. के. झा)


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *