11 मार्च 2022 | पटना के होटल पाटलिपुत्र एग्जॉटिका और होटल पाटलिपुत्र निर्वाण को जब्त करने की तैयारी की जा रही है। करोड़ों के होल्डिंग टैक्स बकाए को लेकर शहर के ऐसे ही 15 बड़ी चर्चित संपत्तियों को चिन्हित किया गया है। नगर निगम अब इन संपत्तियों को जब्त कर इसकी बिक्री से राजस्व की वसूली करेगा। इसके लिए 15 से 25 मार्च का समय निर्धारित किया गया है।
निजी संपत्ति पर बकाया पर बड़ी कार्रवाई
बिहार नगर पालिका अधिनियम 2007 की धारा 158 एवं पटना नगर निगम कर तथा गैर- कर राजस्व वसूली विनिमय के अंतर्गत निजी संपत्ति वालों पर चल अचल संपत्ति की जब्ती ओर उसकी बिक्री करने की पूरी तैयारी की जा रही है। नगर निगम का कहना है कि बड़े बकाएदारों पर सख्ती को लेकर तैयारी की जा रही है। इसके लिए सूची तैयार कराई जा रही है। किसी भी दशा में टैक्स बकाया वाला को मनमानी नहीं करने दिया जाएगा।
पटना में 15 निजी संपत्ति चिन्हित
पटना नगर निगम द्वारा 15 निजी संपत्ति के मालिकों को नोटिस दिया गया, लेकिन उनकी तरफ से कोई संतोषजनक जवाब या फिर बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया। ऐसे में नगर निगम ने अब उक्त 15 संपत्तियों को कब्जे में लेकर नीलाम करने की तैयारी की है। 15 से 25 मार्च तक इन जगहों पर पटना नगर निगम की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को लेकर नगर आयुक्त द्वारा सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है। कहा गया है कि इस कार्रवाई को पूरी सख्ती से किया जाए।
इन निजी संपत्ति पर होगी कार्रवाई
- महाराजा कॉम्प्लेक्स पाटलीपुत्रा बिल्डर्स,
- पाटलिपुत्रा निर्वाना,
- पाटलिपुत्रा एक्जॉटिका,
- दीघा आशियाना क्षेत्र के कई दुकान एवं मकान,
- पाटलिपुत्रा कॉलोनी,
- बिस्कोमान कॉलोनी,
- ट्रांसपोर्ट नगर मौर्या कॉलोनी भवन
जानिए कौन कितना दबाए है टैक्स
- महाराजा कामेश्वर कॉम्प्लैक्स – 35,68,634 रुपए
- होटल पाटलिपुत्रा निर्वाण – 1,33,10,652 रुपए
- होटल पाटलिपुत्रा एग्जॉटिका – 3,77,58,854 रुपए
- ट्रांसपोर्ट नगर मौर्या काॅलोनी – 4,93,056 रुपए
- महारानी कॉलोनी – 4,45,466 रुपए
- पाटलिपुत्रा मॉल – 7,03,567 रुपए
- सुचित्रा राधा कॉम्प्लैक्स – 7,51,215 रुपए
नोटिस का जवाब नहीं देना पड़ेगा भारी
नगर निगम का कहना है कि बकाया वसूली को लेकर नगर निगम में सूची तैयार की जा रही है, इसके बाद संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया जा रहा है। नोटिस पर ध्यान नहीं देने वालों पर सख्ती की जा रही है। कोई भी नोटिस पर जवाब नहीं दे रहा है तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम का कहना है कि टैक्स चुकाने को लेकर लोग गंभीर नहीं हैं तो वह सावधान हो जाएं। बकाया पर एक्शन लिया जा रहा है।
Source;- ‘’दैनिक भास्कर’’
