14 दिसंबर 2022 | हरियाणा सरकार ने राज्य भर के एडेड कॉलेजों में लगी शिक्षक भर्ती से रोक हटा ली है। उच्च शिक्षा विभाग ने इस बार असिस्टेंट प्रोफेसर और प्रिंसिपल के पदों की नियुक्ति के लिए 6 पैरामीटर तय किए हैं। सरकार के इस फैसले से सरकारी कॉलेजों में खाली पड़े 1400 असिस्टेंट प्रोफेसरों के पदों को भरा जा सकेगा।
प्रिंसिपल के 51 पद रिक्त
हरियाणा में 97 सरकारी सहायता प्राप्त निजी कॉलेज संचालित होते हैं। इस कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसरों और प्रिंसिपलों के लिए भर्ती प्रक्रिया में संशोधन किए जाने तक रोक लगा दी थी। इससे 1400 से अधिक असिस्टेंट प्रोफेसर और प्रिंसिपल के 51 पदों पर नियुक्ति नहीं हो पा रही थी। अब उच्च शिक्षा विभाग के द्वारा संशोधित प्रक्रिया के अनुसार अभ्यर्थियों का मूल्यांकन 6 मापदंडों पर किया जाएगा।
यह संशोधन किया गया
इंटरव्यू के लिए 12.5 अंक निर्धारित किए गए हैं। एजुकेशन रिकॉर्ड के लिए 40, एक्सपीरिएंस और शोध के लिए 20 तय किए गए हैं। एक्स्ट्रा क्वालिफिकेशन (PHD, J-आरएफ-नेट और सेट) के लिए 15 मिलेंगे। सह-पाठ्यचर्या संबंधी गतिविधियों (NSS, NCC, गणतंत्र दिवस परेड में भागीदारी और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पॉजीशन) के लिए 7.5 और खेल के लिए 5 अंक निर्धारित किए गए हैं।
इंटरव्यू के लिए तीन सब कैटेगरी
साक्षात्कार को आगे तीन सब कैटेगरी रखी गई हैं। विषय ज्ञान के लिए पांच अंक दिए जाएंगे, जिसमें चयन समिति द्वारा चुने गए विषय पर चार से पांच मिनट की प्रस्तुति, संचार कौशल और आईसीटी (सूचना और संचार प्रौद्योगिकी) ज्ञान के लिए 4.5 अंक और व्यक्तित्व (पर्सनैलिटी) के लिए 3 अंक शामिल हैं।
