• April 29, 2024 9:46 pm

पौधे लगाकर बच्चों की तरह देखभाल करते हैं शशि

ByPrompt Times

Oct 22, 2020
पौधे लगाकर बच्चों की तरह देखभाल करते हैं शशि

मानेसर (गुरुग्राम)/ आइएमटी मानेसर स्थित सेक्टर एक आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष शशि यादव पिछले दस साल से पर्यावरण संरक्षण पर कार्य कर रहे हैं। क्षेत्र में कही पौधारोपण अभियान चलाना हो या पर्यावरण से जुड़ा कोई और कार्य वह हमेशा सबसे आगे मिलते हैं। पिछले 11 साल में उन्होंने करीब 8 हजार पौधे लगाए हैं और उनके रखरखाव की जिम्मेदारी भी ली है। अपने स्तर पर अभियान चलाने के साथ ही अधिकारियों से मदद लेकर भी कई बार पौधारोपण अभियान चलाया है। किसी भी अच्छे कार्य की शुरुआत पौधारोपण से ही करते हैं। विभिन्न संस्थाओं द्वारा उनको पौधारोपण अभियान चलाने को लेकर सम्मानित भी किया जा चुका है। शशि यादव खुद पौधारोपण के साथ दूसरे लोगों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित करते हैं। औद्योगिक क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट और पार्क के साथ रिहायशी सेक्टर के पार्क, आसपास के गांव व अरावली पर्वतमाला में कई पौधे लगा रहे हैं।

शशि यादव बरसात के मौसम के साथ जन्मदिन, सालगिरह, बच्चों के जन्मदिन और अन्य खुशी के मौके पर भी पौधारोपण करते हैं और इनके रखरखाव की जिम्मेदारी भी लेते हैं। शशि यादव क्षेत्र के लोगों में वाट्सएप और फेसबुक के माध्यम से भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैला रहे हैं। इसके लिए उन्होंने वाट्सएप पर भी एक ग्रुप बना रखा है, जिसमें आसपास के क्षेत्र से करीब दो सौ लोग जुड़े हुए हैं। जब भी शशि यादव पौधरोपण करते हैं तो उसके फोटो ग्रुप में डालते हैं। इसके साथ ही वह अन्य लोगों को भी पौधे लगाने के लिए प्रेरित करते हैं।

पेड़ काटने की बजाए करवाते है प्रत्यारोपित

शशि यादव को जब किसी पेड़ को काटने की सूचना मिलती है तो वह वहीं पहुंच जाते हैं। पेड़ को काटने की बजाए उसे किसी पार्क या ग्रीन बेल्ट में शिफ्ट करवा देते हैं। इसके लिए वह आर्थिक सहायता भी करते हैं। सेक्टर एक से कई पेड़ उन्होंने पार्कों में शिफ्ट कराए हैं। वह कहते हैं कि पेड़ काटना आसान है लेकिन वह इस स्तर तक बहुत मेहनत से पहुंचता है। इसलिए हमें पेड़ नहीं काटने चाहिए और अगर जरूरत पड़े तो उन्हें दूसरी जगह प्रत्यारोपित जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *