28 जनवरी 2023 | हरियाणा में जनवरी के अंत में फिर से एक बार शीत लहर का प्रकोप देखने को मिला। 24 घंटे के दौरान प्रदेश में न्यूनतम पारा 1.9 डिग्री तक गिर गया है। महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान सबसे कम 0.9 डिग्री और फरीदाबाद के बोपनी में सबसे ज्यादा 9.2 डिग्री दर्ज हुआ। नारनौल क्षेत्र में तो कड़ाके की ठंड के चलते फिर से पाला जमने लगा है। अब 29 व 30 जनवरी को प्रदेश के मौसम में बदलाव होगा और तेज हवाएं चलने, कुछ क्षेत्रों में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है।
लोगों को इस बार ठंड की जबरदस्त मार झेलनी पड़ रही है। जनवरी बीतने को है। मकर संक्राति के बाद दिन गर्म होने लगते हैं, लेकिन इससे उल्ट लोगों को ठंड का समाना करना पड़ रहा है। धूप भी खूब खिल रही है, लेकिन राजस्थान से सटे महेंद्रगढ़ में पारा फिर से जमाव बिंदू पर आ गया है। यहां 24 घंटे में रात के तापमान में 1.2 डिग्री की गिरावट आई है।
सोनीपत में भी रात्रि तापमान में गिरावट रही। यहां पारा 0.8 डिग्री तक गिर कर 2.9 डिग्री पर दर्ज हुआ है। यहां अधिकतम तापमान 19 डिग्री के आसपास है। 24 घंटे के दौरान इसमें 3.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। तेज हवाएं चल रही है, जिससे धूप में भी कंपकंपी छूट रही है।
शीत लहर से गिरा पारा
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने बताया कि उत्तर पश्चिमी शीत हवाओं के चलने से ज्यादातर क्षेत्रों में रात्रि तापमान में गिरावट दर्ज हुई। उत्तर पश्चिम और दक्षिण क्षेत्र के कुछ एक जिलों में पाला भी पड़ा।
आज रात से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव
प्रदेश में 30 जनवरी तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। 28 जनवरी को भी रात्रि तापमान में गिरावट और उत्तरपश्चिम व दक्षिणी जिलों में पाले जमने के हालात बने रहे। शनिवार देर रात्रि से पश्चिमीविक्षोभ के आंशिक प्रभाव से राज्य में मौसम में बदलाव होगा। 29 और 30 जनवरी को ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश की संभावना भी बन रही है। 31 जनवरी से राज्य में मौसम आमतौर से खुश्क रहेगा।
अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी, फिर भी ठंड
हरियाणा में सप्ताह भर से दिन में जमकर धूप निकल रही है। अधिकतम तापमान भी बढ़ रहा है, फिर भी ठंड कंपकपा रही है। शुक्रवार को जो अधिकतम तापमान दर्ज हुआ, उसमें प्रदेश में ओवर आल 3 डिग्री सल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। फरीदाबाद के बोपानी सेंटर में अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री दर्ज हुआ। अंबाला में यह 21.8 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान रोहतक में सबसे कम 17.2 डिग्री रहा। अंबाला में एक दिन में ही इसमें 5 डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई।