18 अगस्त 2022 | जन्माष्टमी हर साल बड़ी धूमधाम से मनाई जाती है। इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 19 अगस्त को उच्च राशि के चंद्रमा में मनाई जाएगी। जन्माष्टमी की पूजा खासकर मथुरा, वृंदावन और द्वारिका में विधि-विधान से की जाती हैं। मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान श्री कृष्ण का जन्म हुआ था। हिंदू धर्म में इस दिन भगवान श्री कृष्ण के बाल गोपाल स्वरूप की पूजा की जाती है। हर साल भाद्रपद माह में कृष्ण पक्ष की अष्टमी के दिन भगवान श्री कृष्ण का जन्म दिवस जन्माष्टमी पर्व मनाया जाता है।
जन्माष्टमी पर वृंदावन में आ रहे सीएम योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश तीर्थ विकास परिषद द्वारा वृंदावन के जयपुर मंदिर के समीप नवनिर्मित अन्नपूर्णा भोजनालय का लोकार्पण श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। 19 अगस्त को आयोजित होने वाले इस समारोह के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं। समारोह में योग गुरु बाबा रामदेव और आचार्य बाल कृष्ण के अलावा साध्वी ऋतंभरा, राम कथा प्रवक्ता संत विजय कौशल महाराज के साथ प्रदेश के कई केबिनेट मंत्री भी शामिल होंगे।
कन्हैया के जन्मोत्सव के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से मथुरा आ रहे भक्तों को प्रसादी की व्यवस्था में ब्रजवासी जुटे हैं। नगर निगम से भंडारा लगाने की अनुमति मांगी जा रही हैं। लोगों में अद्भुत उत्साह बना हुआ है।
ब्रज भूमि सज संवर रही है। तिराहे-चौराहों को सजाया जा रहा है। कन्हैया के जन्म के दर्शन को श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आने वाले भक्तों के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इस बार यह भगवान श्रीकृष्ण का 5249वां जन्मोत्सव होगा। यानि ब्रज के लाडले कृष्ण कन्हाई इस बार 5248 वर्ष के हो गए हैं। भगवान कृष्ण के 5249वें वर्ष में प्रवेश करने पर जन्मोत्सव की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं।
जन्माष्टमी शुभ मुहूर्त
जन्माष्टमी तिथि- 18 अगस्त और 19 अगस्त 2022
अष्टमी तिथि आरंभ- गुरुवार 18 अगस्त रात्रि 09: 21 से
अष्टमी तिथि समाप्त- शुक्रवार 19 अगस्त रात्रि 10:59 तक
अभिजीत मुहूर्त- 12:05 -12:56 तक
