02 जनवरी 2023 | सऊदी अरब के क्लब अल नस्र को रोनाल्डो के साथ करार का बड़ा फायदा मिला है। खेल जगत के सबसे लोकप्रिय खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ने के साथ ही यह क्लब भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। 24 घंटे के अंदर सोशल मीडिया पर अन नस्र के फॉलोअर्स कई गुना बढ़ गए हैं। रोनाल्डो के साथ करार का एलान होने से पहले अल नस्र के फॉलोअर्स साढ़े आठ लाख के करीब थे। अब यह संख्या 50 लाख के पार जा चुकी है।
37 साल के रोनाल्डो ने ढाई साल के लिए अन नस्र के साथ करार किया है। वह 2025 तक इस क्लब के लिए खेलेंगे। इस दौरान उनकी सैलरी 200 मिलियन यूरो (करीब 1700 करोड़ रुपये) होगी। रोनाल्डो पहली बार किसी एशियाई क्लब के लिए खेलेंगे। इससे पहले उन्होंने लगभग एक दशक तक यूरोपीय क्लब फुटबॉल में राज किया है।
अल नस्र के साथ करार के बारे में बात करते हुए रोनाल्डो ने कहा, “मैं एक अलग देश में एक नई फुटबॉल लीग में खेलने के लिए इंतजार नहीं कर सकता। जिस तरीके से अल नस्सर काम करता है वह बहुत प्रेरणादायक है, और मैं अपने साथियों के साथ जुड़कर खुश हूं, ताकि हम साथ मिलकर टीम को अधिक से अधिक सफलता हासिल करने में मदद कर सकें।”