08 सितंबर 2022 | रायगढ़ के ओमप्रभु साहू NEET में छत्तीसगढ़ टॉपर बन गए हैं। उन्हें 720 अंक और 99.9 परसेंट हासिल हुए हैं। ओम की ऑल इंडिया रैंकिंग 44 है। ओमप्रभु ने बताया कि उन्होंने घर में ही रहकर ऑनलाइन पढ़ाई करते हुए नीट की तैयारी की है।
ओमप्रभु साहू ने दैनिक भास्कर से खास बातचीत में अपने सक्सेस का क्रेडिट अपने बड़े भाई और बहनों को दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी बड़ी दीदी स्नेहा साहू भुवनेश्वर में डेंटिस्ट हैं, जबकि एक भाई और बहन हैदराबाद में आईआईटी कर रहे हैं। उनसे मार्गदर्शन लेकर ही उन्होंने नीट की तैयारी की थी।
ओमप्रभु ने दिया सक्सेस मंत्र
ओमप्रभु ने नीट की तैयारी कर रहे छात्रों को सक्सेस मंत्र देते हुए कहा कि कभी किसी भी टॉपिक से डरना या घबराना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि कामयाबी का कोई शॉर्टकट नहीं होता है, इसलिए मेहनत करें। उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई होनी जरूरी है। आज की स्टडी को कल पर नहीं टालें। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए उन्होंने 10वीं की परीक्षा के बाद से ही नीट की तैयारी शुरू कर दी थी। हालांकि उस समय कोरोना के चलते उन्हें ऑनलाइन कोचिंग क्लास जॉइन करना पड़ा था।
घर में हुई 30 लाख की चोरी
एक तरफ तो ओमप्रभु के घर में नीट स्टेट टॉपर बनने की खुशी है, तो वहीं उनके घर में करीब 30 लाख रुपए की चोरी हो गई है, इससे वे परेशान भी हैं। ओम ने बताया कि उनके घर से हीरे की अंगूठी, सोने की चेन, सोने के सिक्के, रानी हार, कंगन समेत नगद रुपए चोरी हो गए। उन्होंने कहा कि मंगलवार 6 सितंबर को वे अपने पिता कृष्ण कुमार साहू और मम्मी के साथ रायपुर गए थे। जब आज गुरुवार को वे लौटे, तो उन्हें अपने घर का ताला टूटा हुआ मिला।
ओम ने बताया कि जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा, तो अलमारी का ताला भी टूटा मिला और सामान बिखरे पड़े थे। चोरों ने नगद समेत आभूषणों को पार कर दिया है। ओम का घर रायगढ़ शहर के बंदे अली फातमी नगर में है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
बेटियों की शादी के लिए रखे थे गहने
ओमप्रभु के पापा कृष्ण कुमार साहू ने बताया कि उन्होंने पाई-पाई जोड़कर अपनी बेटियों की शादी के लिए गहने खरीदे थे। करीब 29 लाख रुपए के गहने और 1 लाख नगद की चोरी हुई है।
Source:-“दैनिक भास्कर”
