• June 6, 2026 4:32 pm

‘वक्त आने पर सब बताएंगे’, अमित शाह से मुलाकात के बाद इतने कॉन्फिडेंट क्यों नजर आ रहे उपेंद्र कुशवाहा?

Share More

21 अप्रैल 2023 |  राष्ट्रीय लोक जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) शुक्रवार को एक नए तेवर में नजर आए। दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) से मुलाकात के बाद उपेंद्र कुशवाहा कॉन्फिडेंट दिखे, साथ ही उनका उत्साह देखने लायक था। उन्होंने सीधे तौर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विपक्षी पार्टियों को एकजुट करने के प्रयासों को व्यर्थ बता दिया। कुशवाहा ने मीडिया से यहां तक कह दिया कि उनके इस प्रयासों की चर्चा करना भी बेकार है। उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नए सवाल खड़े जरूर हो रहे हैं। सवाल ये कि क्या बीजेपी और उपेंद्र कुशवाहा की डील पक्की हो गई है? इस डील के साथ क्या उपेंद्र कुशवाहा को बीजेपी की अगली रणनीति की जानकारी भी हो गई है?

कौन से राज दिल में दबाए बैठे हैं कुशवाहा?

उपेंद्र कुशवाहा शुक्रवार को मीडिया से मुखातिब होते हुए तो कई सारे राज दिल में दबाए रखे थे। कयास लगाए जा रहे थे कि कुशवाहा केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के चाणक्य अमित शाह से मुलाकात के बाद बिहार की राजनीति में आने वाले बदलावों को लेकर कुछ धमाका करने के मूड में हैं। हालांकि, मीडिया के सवालों पर वो चुप्पी साधते नजर आए। उन्होंने यह जरूर कहा कि वक्त आने पर हर चीज आपको बताई जाएगी। फिलहाल अभी वह वक्त नहीं आया है

विपक्षी एकता पर क्या बोले कुशवाहा

गृह मंत्री अमित शाह से आशीर्वाद प्राप्त कर उपेंद्र कुशवाहा काफी कॉन्फिडेंट नजर आए। उनके कॉन्फिडेंस का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब पत्रकारों से उन्होंने बात की तो उन्होंने सीधे तौर पर कह दिया की ‘डील क्या हुई है यह वक्त आने पर बताएंगे। फिलहाल यह समय उस दिन की जानकारी देने का नहीं है।’ इस बात के कयास लगाए जा रहे कि आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें बीजेपी के ‘चाणक्य’ की तरफ से 3 सीटों पर चुनाव लड़ने का आश्वासन मिला हो। इसके लिए उपेंद्र कुशवाहा को कुछ टास्क भी दिए गए होंगे। लेकिन फिलहाल उन्होंने अभी राजनीति के पत्ते खोलने से परहेज किया है।

आरजेडी ने पूछा क्या हुई डील?

इधर गृहमंत्री अमित शाह से उपेंद्र कुशवाहा की मुलाकात के बाद आरजेडी और जेडीयू ने सवाल उठाए हैं। आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने उपेंद्र कुशवाहा से पूछा कि आखिर जेडीयू से अलग होने के लिए उपेंद्र कुशवाहा और बीजेपी के बीच क्या डील हुई? जिस गठबंधन से 2019 में वह अलग हुए थे उससे दोबारा हाथ मिलाने के पीछे उनकी क्या डील शामिल है?

जेडीयू बोली- डील सार्वजनिक करें कुशवाहा

इधर जेडीयू ने भी उपेंद्र कुशवाहा और बीजेपी के बीच हुई डील को सार्वजनिक करने की बात कही है। जेडीयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने सीधे तौर पर सवाल पूछा कि नीतीश कुमार से अलग होते वक्त जब उन्होंने आरजेडी से डील के बारे में पूछा था। अब जेडीयू से अलग होकर बीजेपी से हाथ मिलाने की डील क्या हुई इसके बारे में जानने का हक उनकी पार्टी को भी है। वहीं उपेंद्र कुशवाहा ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा कि ‘वक्त आने पर सब बताया जाएगा।’

सोर्स :- “नवभारतटाइम्स”                    

 


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *