• June 5, 2026 4:49 pm

कलश स्थापना के साथ फागुन मड़ई की शुरुआत-नारायण मंदिर तक मां दंतेश्वरी की निकाली गई पालकी, आज रात होगी ताड़पलंका धोनी की रस्म

Share More

10 मार्च 2022 | दंतेवाड़ा में बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के मंदिर में बुधवार को कलश स्थापना के साथ फागुन मड़ई की शुरुआत हो गई है। मंदिर से मां दंतेश्वरी की प्रथम पालकी निकाली गई। पालकी को जवानों ने हर्ष फायर देकर सलामी दी। पूरे विधि-विधान के साथ दंतेवाड़ा के नारायण मंदिर तक मां दंतेश्वरी की पालकी निकाली गई। इस दौरान मंदिर के पुजारी,सेवादार समेत टेंपल कमेटी के सदस्य मौजूद थे। वहीं आज रात परंपरा अनुसार ताड़पलंका धोनी की रस्म अदा की जाएगी।

सालों से चली आ रही परंपरा के अनुसार, पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ मां दंतेश्वरी की पालकी को सबसे पहले मंदिर परिसर में स्थित मेंडका डोबरा मैदान में मावली माता देवी स्थल में लाया गया। जिसके बाद यहां देवी की पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना कर कलश स्थापना की गई। यहां भी जवानों ने हर्ष फायर देकर पालकी को सलामी दी। जिसके बाद पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ पालकी को नारायण मंदिर लाया गया। यहां भी पूजा अर्चना की गई।

आज रात होगी ताड़पलंका धोनी की रस्म
दंतेवाड़ा के नरायण मंदिर के पास आज रात ताड़पलंका धोनी की रस्म अदा की जाएगी। सालों से चली आ रही परंपरा के अनुसार ताड़ के पत्तों को दंतेश्वरी सरोवर में धोकर उसकी पूजा कर रखा जाएगा। फिर होलिका दहन के दिन इन्हीं पत्तों से होलिका दहन की रस्म अदा की जाएगी। इस रस्म को पूरा करने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।

Source;- ‘’दैनिक भास्कर’’


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *