29 अप्रैल 2023 ! पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला की जीवनी का अमेरिका के न्यूयॉर्क में विमोचन किया गया है। वर्तमान में भारत की G20 अध्यक्षता के मुख्य समन्वयक श्रृंगला (61) ने पिछले सप्ताह इस संबंध में आयोजित एक कार्यक्रम में भारतीय-अमेरिकी और प्रवासी समुदाय के प्रमुख सदस्यों को संबोधित किया। इस कार्यक्रम के दौरान उनकी जीवनी ‘नॉट एन एक्सीडेंटल राइज’ का विमोचन किया गया। भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति की सहायक कंपनी ‘जयपुर फुट यूएसए’ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भारत में अमेरिका के पूर्व राजदूत केनेथ जस्टर और न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्यदूत रणधीर जायसवाल विशेष अतिथि थे।
‘नॉट एन एक्सीडेंटल राइज’ को सिक्किम विश्वविद्यालय के अंतर्राष्ट्रीय संबंध विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. दीपमाला रोका ने लिखा है। इससे पहले भारत में इसका विमोचन इस महीने की शुरुआत में दार्जिलिंग में हुआ था। श्रृंगला की यह जीवनी ‘‘दृढ़ता, दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत, कौशल और क्षमता के बल पर भारतीय विदेश सेवा में उनके सर्वोच्च पद तक पहुंचने” का वर्णन करती है। यह जीवनी बताती है, “उनका जीवन और कार्य उनकी विरासत, उनकी संस्कृति और उनके मूल्यों में दृढ़ता से निहित हैं।
सोर्स :-” पंजाब केसरी”
