• June 7, 2026 10:20 pm

BJP राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने CM भूपेश बघेल को भेजा रक्षासूत्र, मार्मिक पत्र में लिखा- मेरे अविवाहित होने का उड़ाया मजाक, मन आहत है

Share More

अगस्त 30 2023 ! भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को रक्षा सूत्र भेजा है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री को एक मार्मिक पत्र भी लिखा है। इसमें सरोज ने लिखा है कि राखी के इस पवित्र त्योहार पर आपकी छोटी बहन के नाते हमेशा की तरह आपको पवित्र रक्षा सूत्र भेज रहीं हूं। मां दंतेश्वरी से आपके स्वस्थ व कुशल जीवन की कामना करती हूं। सरोज ने शिकायत के लहजे से मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए लिखा है कि भैया, आपने इस सम्मानजनक पद पर रहते हुए दो दिन पहले अपनी इस बहन के अविवाहित होने का अट्टहास करते हुए उपहास उड़ाया है, उससे मन बहुत आहत है और हृदय पीड़ा से भरा हुआ है।

आज मैं कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से जानना चाहती हूं कि क्या वह आपके इस कृत्य से सहमत हैं? जैसा हमेशा आरोप लगता है, क्या कांग्रेस सही मायनों में महिलाओं के प्रति संवेदनशील है?, क्या ऐसा उपहास संर्पूण नारी शक्ति व भारत के सभी अविवाहित बहनों का अपमान नहीं है ?, क्या मेरे बड़े भाई भूपेश उनके इस बर्ताव के लिए मुझसे माफी मांगेंगे?

सरोज ने पत्र में पूछा है कि क्या कांग्रेस गठबंधन की सहयोगी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और छत्तीसगढ़ कांग्रेस की प्रभारी कुमारी सैलजा के लिए भी आपके मन में यही उपहास का भाव हैं? क्योंकि वो दोनों भी अविवाहित है या केवल आपको इसी बहन का अपमान करने में ही आनंद मिलता है? आप फिर कह देंगे यह पत्र राजनीतिक है। पिछली बार भी मैंने पत्र में शराबबंदी की याद दिलाई थी।

सरोज ने लिखा है कि जहां तक मैं आपको जानती हूं आप मेरी राजनैतिक व सामाजिक सेवा में अभिलिप्त जीवनयात्रा से भलीभांति परिचित होंगे। आप जानते होंगे कि पिछले 36 वर्षों से आपकी यह छोटी बहन लगातार निष्कपट व बेदाग रहते हुए छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा की है। छत्तीसगढ़िया भाई और बहनों के हितों की आवाज उठाती रही है और उनकी बेहतरी के लिए बिना रुके, बिना थके कार्य करती रही है। वैसे भी वैश्विक पुरुषप्रधान समाज में महिलाओं का काम करना मुश्किल होता है, और ऊपर से सक्रिय राजनीति के वातावरण में तो महिला होना और भी चुनौती भरा हो जाता है। मुझे नहीं लगता कि आप ये कभी भी समझ पायेंगे कि मुझ जैसी एक महिला के लिए राहे और कठिन हो जाती है, जब वो मेरी तरह अविवाहित रह कर अपना सारा जीवन समाज एवं राष्ट्र को समर्पित कर देती है।

सोर्स :-“नईदुनिया


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *