• June 5, 2026 9:13 am

संक्रमित व्यक्ति की आंखों में देखने से भी फैल सकता है आई फ्लू? डॉक्टर ने बताई हकीकत, कभी न करें ये गलतियां

Share More

28 जुलाई 2023 ! देश में हो भारी बारिश और बाढ़ के हालातों के बीच आई फ्लू (Eye Flu) का कहर तेजी से बढ़ रहा है. तमाम राज्यों में लाखों की तादाद में लोग आंखों की इस परेशानी की चपेट में आ गए हैं. हालात यह हैं कि कई राज्यों में आई फ्लू के खतरे को देखते हुए स्कूलों को बंद करना पड़ा है. आई फ्लू की चपेट में सबसे ज्यादा बच्चे आ रहे हैं, जिसने सभी की चिंता बढ़ा दी है. आई फ्लू को मेडिकल की भाषा में कंजक्टिवाइटिस (conjunctivitis) कहा जाता है. आंखों के इस फ्लू से संक्रमित होने पर लोगों की आंखें लाल हो जाती हैं और उनमें खुजली होने लगती है. आंखों से पानी बहने लगता है और लाइट से दिक्कत महसूस होने लगती है. कई लोगों की आंखों में सूजन भी देखने को मिलती है. आई फ्लू के बढ़ते कहर के बीच तमाम लोगों को यह लग रहा है कि आई फ्लू संक्रमित व्यक्ति की आंखें देखने से भी फैल सकता है. आखिर इसकी हकीकत क्या है? आंखों के डॉक्टर से सच्चाई जान लेते हैं.

नई दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के आई स्पेशलिस्ट डॉ. तुषार ग्रोवर के मुताबिक आई फ्लू यानी कंजक्टिवाइटिस एक वायरल इंफेक्शन है, जो तेजी से फैलता है. यह वायरस के संक्रमण की वजह से हो जाता है और लोगों की आंखों में परेशानी होने लगती है. इस इंफेक्शन से आंखे लाल होना, आंखों से फ्लूड निकलना, आंखों में खुजली होना, सूजन आना और लाइट सेंसिटिविटी जैसी दिक्कतें होने लगती हैं. यह इंफेक्शन आंखों के लिए खतरनाक नहीं होता है और 1-2 हफ्ते में अपने आप ठीक हो जाता है. इससे ज्यादातर लोगों को विजन में कोई दिक्कत नहीं होती है. कई बार इसकी वजह से विजन में टेंपररी परेशानी आ सकती हैं, लेकिन वह समय के साथ ठीक हो जाती है. यह एक सेल्फ लिमिटिंग इंफेक्शन है. इसे लेकर घबराने की जरूरत नहीं है.

डॉ. तुषार ग्रोवर कहते हैं कि आई फ्लू से संक्रमित व्यक्ति की आंखें देखने से दूसरे व्यक्ति को यह इंफेक्शन नहीं हो सकता है. यह कंजक्टिवाइटिस को लेकर लोगों के बीच सबसे बड़ी गलतफहमी है. आमतौर पर आई फ्लू सर्फेस से फैलता है. अगर संक्रमित व्यक्ति कहीं हाथ लगाए और उस जगह के संपर्क में आने वाला व्यक्ति अपनी आंखों पर हाथ लगा ले, तो यह वायरस फैल जाएगा. संक्रमित व्यक्ति की तौलिया, बेडशीट, तकिया या अन्य पहनने वाले कपड़ों के जरिए भी आंखों का यह संक्रमण फैल सकता है. हालांकि इससे बचने के लिए लोगों को अपने हाथों को साफ रखना होगा और आंखों को टच करने से बचना होगा.

सोर्स :-“न्यूज़ 18 हिंदी|”   


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *