26 फरवरी 2022 | पानी सहकारी बैंक गबनकांड के मामले में शुक्रवार को जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक दुर्ग के सीईओ अपेक्षा व्यास, अध्यक्ष जवाहर वर्मा अपनी टीम के साथ निपानी पहुंचकर किसानों से चर्चा की। बैंक में खाता खुलवाकर पैसा जमा करने वाले 15 गांव के लगभग 350 खाताधारक किसान पहुंचे थे। जिन्होंने हंगामा कर अपनी समस्याएं सीईओ व अध्यक्ष के समक्ष रखकर जल्द पैसा वापस दिलाने की मांग की। सीईओ व अध्यक्ष ने सकारात्मक पहल करने का आश्वासन देकर प्रभावित खाताधारकों को वेरिफिकेशन के बाद पैसा लौटाने की बात कही है। दोषियों पर एफआईआर कराने के निर्देश भी दिए हैं।
देर शाम तक किसानों व अफसरों व जनप्रतिनिधियों के बीच चर्चा का दौर जारी रहा। खाताधारक किसानों के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष केसी पवार, पूर्व विधायक गुंडरदेही विरेंद्र साहू, युवा नेता तोमन साहू सहित अन्य मौजूद रहे। अब तक 58 किसानों के खातो में गड़बड़ी होने की पुष्टि की गई है। शाखा प्रबंधक खेमूराम देवांगन को निपानी शाखा की जिम्मेदारी दी गई है। ग्राहकों की सुविधा के लिए अतिरिक्त दो कर्मचारियों की यहां ड्यूटी लगाई गई है।
इन्हें दी गई है जांच की जिम्मेदारी
सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी एसके वैदे ने बताया कि गड़बड़ी प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की टीम गठित की गई है। जांच टीम में प्रधान कार्यालय से अतिरिक्त मुख्य पर्यवेक्षक कुसुम ठाकुर, बालोद शाखा प्रबंधक रोहित आलेन्द्र, गुंडरदेही शाखा प्रबंधक सुमेंद्र सिंह भंडारी को नियुक्त किया गया है।
Source;-“दैनिक भास्कर”
