22 अगस्त 2022 | राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक आयोजित हुई। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वीसी के माध्यम से बैठक में जुड़ें। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी भी मौजूद रहे। बैठक में नक्सलवाद और साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की गई। होगी। इसके साथ ही ड्रग्स, मानव तस्करी, मोटे अनाज के वितरण, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों पर व्यय होने वाली राशि की प्रतिपूर्ति आदि विषयों पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने की थी अगवानी
अमित शाह हैदराबाद से देर रात एक बजे भोपाल पहुंचे। स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनकी अगवानी की। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, प्रदेश के गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव सहित अन्य मंत्री , जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
गृह और सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्यों के बीच आपसी समन्वय को बेहतर बनाने और उनसे जुड़े विषयों के निराकरण के लिए यह बैठक अलग-अलग प्रांतों में नियमित तौर पर होती है। इस बार यह भोपाल में हो रही है। इसमें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की नक्सल समस्या और उससे निपटने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर चर्चा होगी। नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार से अधिक सहयोग, केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती पर होने वाले खर्च की प्रतिपूर्ति, पुलिस के आधुनिकीकरण, साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए साझा रणनीति, केन-बेतवा लिंक परियोजना की प्रगति, कुछ जातियों को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने सहित अन्य विषयों पर चर्चा होगी।
415 करोड़ रुपये के पुलिस थाने और आवासीय भवनों का करेंगे लोकार्पण
केंद्रीय गृह मंत्री 415 करोड़ रुपये की लागत से बने पुलिस थाने और आवासीय भवनों का लोकार्पण करेंगे। यह कार्यक्रम साढ़े तीन बजे से रविंद्र भवन में होगा। इसके पहले वे बरखेड़ा बोंदर में नेशनल फोरेंसिंक साइंस यूनिवर्सिटी, गांधीनगर के कैंपस का भूमिपूजन करेंगे। सवा पांच बजे से विधानसभा के मानसरोवर सभागार में कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत नई शिक्षा नीति विषय पर आयोजित संगोष्ठि में शामिल होंगे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्करसिंह धामी पहुंचे
बैठक में भाग लेने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देर शाम भोपाल पहुंच गए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार को सुबह आएंगे।
मुख्यमंत्री निवास में होगा रात्रि भोज
केंद्रीय गृह मंत्री का सोमवार को रात्रि भोज मुख्यमंत्री निवास में होगा। वे विधानसभा के मानसरोवर सभागार से सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचेंगे। यहां से वे कृषि विपणन में सहकारी संस्थाओं की भूमिका कार्यशाला में शामिल होने के लिए होटल ताज पहुंचेंगे। रात नौ बजकर दस मिनट पर वे स्टेट हैंगर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
सोर्स :-“नईदुनिया”
