झारखंड में विधानसभा चुनाव से पहले चेकिंग अभियान तेज हो गया है. इसी कड़ी में धनबाद जिले में झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा से 11.38 लाख रुपए दो कार से बरामद हुए हैं. दोनों कार के मालिकों से पूछताछ की जा रही है.
डीबुडीह चेकपोस्ट पर मैथन पुलिस ने की जांच
झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा के डीबुडीह चेकपोस्ट पर शुक्रवार की रात मैथन पुलिस ने दो वाहनों से इतनी बड़ी राशि जब्त की है. दोनों वाहनों के मालिक से मैथन पुलिस पूछताछ कर रही है. पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
एक कार से 10 लाख, दूसरी कार से मिले 1.38 लाख रुपए
मैथन पुलिस ने बताया कि एक कार से 10 लाख रुपए बरामद हुए जबकि दूसरी कार से एक लाख 38 हजार रुपए मिले हैं. दोनों वाहन पश्चिम बंगाल से झारखंड में प्रवेश कर रहे थे. इसी दौरान वाहन की जांच-पड़ताल की गई, तो यह राशि उनसे बरामद हुई.
सीईओ झारखंड ने प्रवर्तन एजेंसियों के साथ की समीक्षा बैठक
चुनाव से पहले झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सभी प्रवर्तन एजेंसियों के सीनियर ऑफिसर्स के साथ लगातार समीक्षा बैठक कर रहे हैं. उन्होंने अफसरों से कहा है कि स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए सभी एजेंसियां आपस में समन्वय स्थापित करके काम करें. किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. चुनाव को प्रभावित करने वाले सभी कारकों पर पैनी नजर रखें.
अब तक सवा करोड़ रुपए से अधिक के सामान और नकद जब्त
झारखंड में विधानसभा चुनाव 2024 की तारीखों की घोषणा के बाद आदर्श आचार संहिता लागू हो गई. इसके बाद से अब तक सवा करोड़ रुपए के अवैध सामान और नकदी की जब्ती हुई है. सबसे अधिक 26.51 लाख रुपए मूल्य की जब्ती पलामू जिले में हुई है. रांची और चतरा जिले से 15 लाख रुपए से अधिक के अवैध सामान और नकदी एजेंसियों ने जब्त की है. सरायकेला-खारसावां और हजारीबाग जिले में 10 लाख से अधिक की जब्ती हुई है. 64.12 लाख रुपए झारखंड पुलिस ने जब्त किए हैं. वाणिज्य कर विभाग ने 28.28 लाख रुपए और आबकारी विभाग ने 24.03 लाख रुपए के सामान जब्त किए हैं.
SOURCE – PROMPT TIMES
