• May 9, 2024 10:11 pm

छत्तीसगढ़ कोरोना 2828 नए केस मिले; चंदखुरी पुलिस अकादमी में कोरोना विस्फोट, कल यहां हुई थी पासिंग आउट परेड

ByPrompt Times

Jan 8, 2022

08 जनवरी 2022 | छत्तीसगढ़ के चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी परिसर में कोरोना विस्फोट हुआ है। वहां के 6 से अधिक रहवासी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनकी उम्र 30 से 34 साल के बीच है। शुक्रवार को ही अकादमी में 10वें और 11वें बैच का पासिंग आउट परेड हुई थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इस आयोजन में शामिल थे।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश में 44 हजार 773 नमूनों की जांच हुई। इस दौरान 2 हजार 828 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इस मान से प्रदेश की संक्रमण दर खतरे के निशान को पार कर 6.32% तक पहुंच गई है। सबसे अधिक 899 केस अकेले रायपुर के हैं। इनमें 72 की उम्र 1 साल से 18साल के बीच है।

रायपुर में चंदखुरी पुलिस अकादमी के अलावा CISF के माना स्थित परिसर, पुलिस मुख्यालय, रायपुर AIIMS और जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में भी कई संक्रमितों का पता लगा है। सभी को आइसोलेट कर दिया गया है। एक महिला प्रशासनिक अधिकारी के भी संक्रमण की चपेट में आने की खबर है। इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। रायपुर शहर के हर हिस्से में कोरोना के मरीज मिले हैं। हालात ऐसे हैं कि प्रशासन ने 45 इमारतों को कंटेनमेंट जोन बना दिया है। गैर सरकारी संगठनों की मदद से सार्वजनिक स्थानों पर रोको-टोको अभियान शुरू हुआ है। इसके तहत स्वयंसेवक लोगों को मास्क पहने रहने और शारीरिक दूरी का पालन करने के लिए कह रहे हैं।

रायपुर के आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में बने अस्थायी कोविड अस्पताल में शिशुओं और छोटे बच्चों के लिए विशेष तौर पर बने वार्ड और ICU को सक्रिय कर दिया गया है। 250 बेड के इस अस्पताल में नवजात बच्चों के लिए नियोनेटल मशीन से लैस कक्ष भी तैयार किए गए हैं। जहां 10 नवजात शिशुओं को एक साथ रखने की सुविधा है।

शुक्रवार को ही चंदखुरी पुलिस अकादमी में डिप्टी एसपी के 10वें-11वें बैच का दीक्षांत समारोह था।

सभी जिलों तक फैला संक्रमण
तीन दिन पहले तक प्रदेश के तीन जिले कोरोना की जद से बाहर थे। अभी सभी 28 जिले में कोरोना का संक्रमण फैल चुका है। शुक्रवार को केवल नारायणपुर ही ऐसा जिला रहा जहां से कोई पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया। वहां एक एक्टिव केस है जो एक दिन पहले मिला था। कम से कम 9 जिलों में कोरोना संक्रमण की दर 5% का आंकड़ा पार कर गई है। रायपुर में तो यह 16% से अधिक है।

रायगढ़-दुर्ग ने बिलासपुर को पछाड़ा
पिछले एक सप्ताह से रायपुर के बाद बिलासपुर में सबसे अधिक संक्रमित मिल रहे थे। उसके बाद रायगढ़ और दुर्ग-कोरबा का नंबर था। शुक्रवार को रायगढ़ और दुर्ग ने बिलासपुर को पीछे कर दिया। रायगढ़ में 364, दुर्ग में 293, बिलासपुर में 279 और कोरबा में 268 नए मरीज मिले हैं। जशपुर जिले में 153 और जांजगीर-चांपा में 142 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। राजनांदगांव, सरगुजा, कोरिया में भी मरीजों की संख्या 50 के पार पहुंच चुकी है।

कोरबा कलेक्ट्रेट में 19 पॉजिटिव, नवोदय विद्यालय भी चपेट में
कोरबा की रिपोर्ट के मुताबिक वहां कलेक्ट्रेट के 19 अधिकारी-कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं सलोरा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में एक छात्रा के अलावा स्टाफ के 12 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। विद्यालय में पहले भी केस मिल चुके हैं। कोरबा में शुक्रवार को 268 नए मरीज मिले थे। इनको मिलाकर कोरबा में संक्रमितों की संख्या 695 हो गई है।

दूसरी लहर खत्म होने के बाद पहली बार एक दिन में तीन मौतें
रायपुर के लिए शुक्रवार का दिन भारी रहा। यहां तीन मरीजों की कोरोना की वजह से मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक तीनों को कोरोना के अलावा स्वास्थ्य संबंधी दूसरी परेशानियां भी थीं। इनको मिलाकर रायपुर में अब तक 3 हजार 146 लोगों की जान जा चुकी है। पूरे प्रदेश में मौतों की संख्या बढ़कर 13 हजार 609 हो गई है। पिछले एक सप्ताह में रायपुर में 5 लोगों की मौत हो चुकी। दूसरी लहर खत्म होने के बाद रायपुर में एक दिन में तीन लोगों की मौत का यह पहला मामला है।

रायपुर में 2974 एक्टिव केस, 19 अस्पताल में
रायपुर में अभी भी 2 हजार 974 मरीजों का इलाज चल रहा है। उनमें से केवल 19 अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें से तीन की हालत बेहद गंभीर है, जिन्हें ICU या वेंटिलेटर की जरूरत पड़ी है। वहीं 6 लोगों को ऑक्सीजन देना पड़ रहा है। 6 लोगों को तो शुक्रवार को ही अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। सबसे अधिक मरीज अभी निजी अस्पतालों में ही पहुंच रहे हैं।

शुरू होते ही कर्फ्यू में ढील, शादी में केवल लाउडस्पीकर पर रोक
रायपुर जिला प्रशासन ने नाइट कर्फ्यू के अपने आदेश में बदलाव किया है। इसके मुताबिक रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक के कर्फ्यू का समय एक घंटा घटा दिया गया है। अब यह कर्फ्यू रात 9 बजे की जगह रात 10 बजे से प्रभावी होगा। प्रशासन की ओर से कहा गया, ठेला, गुमटी और फुटपाथ कारोबारियों ने इसके लिए आवेदन दिया था। कर्फ्यू के प्रतिबंधों से विवाह समारोहों को भी बाहर कर दिया गया है। तर्क यह है कि विवाह के आयोजन मुहुर्त पर आधारित हैं। प्रशासन ने शादी में भी ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग रात 10 बजे के बाद नहीं करने की हिदायत दी है।

फुटपाथ कारोबारियों की मांग पर रायपुर जिला प्रशासन ने नाइट कर्फ्यू का समय रात 9 बजे से बढ़ाकर रात 10 बजे से कर दिया है।

Source :- “दैनिक भास्कर “

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *