• June 6, 2026 10:13 pm

रायपुर में शुरू होंगी सिटी बसें, ढाई साल बाद दुर्ग तक जाएंगी, नवरात्रि के पहले दिन महिलाएं फ्री में करेंगी सफर

Share More

26  सितम्बर 2022 | छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार से सिटी बसें शुरू होंगी। कोरोना के बाद से बंद सिटी बसें ढाई साल बाद सड़कों पर फर्राटा भरेंगी। फिलहाल 6 रूटों पर 30 बसों का संचालन किया जाएगा। शहर के भीतर और आसपास के इलाकों में जाने के लिए लोगों को सुविधा मिलेगी। रायपुर शहर के पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अहम हिस्सा सिटी बसों के शुरू होने से लोगों को सहुलियत मिलेंगी। रायपुर से दुर्ग तक लोग यात्रा करेंगे। सोमवार को नवरात्रि का पहला दिन है और बस सेवा को फिर से शुरू किया जा रहा है। सिटी बसों में सफर करने वाली महिलाओं से पहले दिन कोई किराया नहीं लिया जाएगा।

बता दें कि कोरोना के बाद सिटी बसों को संचालन बंद कर दिया गया था। लॉकडाउन खत्म होने के बाद बसों को शुरू करने की मांग उठती रही, लेकिन संचालन टेंडर प्रक्रिया में उलझा रहा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सोमवार को दोपहर 12 बजे रायपुर कलेक्टर और अरब सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पहले चरण में 67 में से 30 सिटी बसों को शुरू किया जा रहा है। इसके बाद 37 बसों का संचालन भी जल्द शुरू किया जाएगा। सिटी बसें रायपुर रेलवे स्टेशन से शुरू होंगी। बस शुरू होने पर रायपुर के महापौर एजाज ढेबर ने ऐलान किया है कि पहले दिन यानी सोमवार को किसी भी महिला से सिटी बस में कोई किराया नहीं लिया जाएगा। महिलाओं के लिए एक दिन की फ्री बस सेवा होगी।

ऑटो चालकों की मनमानी पर लगेगी लगाम
महापौर एजाज ढेबर ने बताया कि सिटी बस चलने से लोगों को कम दर पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा मिलेगी। रायपुर रेलवे स्टेशन में बाहर से कोई शख्स आता है तो उसे भाटागांव बस स्टैंड जाने में 200 से 250 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। शहर में ऑटो चालकों की मनमानी भी बढ़ रही थी। सिटी बस शुरू हो जाने से भाटागांव बस स्टैंड तक सिर्फ 40 से 50 रुपये में पहुंचा जा सकता है। सिटी बसों से गंतव्य तक पहुंचने में लोगों को सुविधा मिलेगी।

नवा रायपुर क्रिकेट स्टेडियम तक चलेंगी बसें
महापौर एजाज ढेबर ने कहा कि रायपुर की सिटी बसों को रोड सेफ्टी क्रिकेट टूर्नामेंट को ध्यान में रखते हुए ऑपरेट किया जाएगा। क्रिकेट स्टेडियम नवा रायपुर तक भी सिटी बसें चलेंगी। इसके लिए रूट तय किया जाएगा। महापौर ने कहा कि लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम तक भी बसें चलाई जाएंगी। हालांकि नया रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी की तरफ से रायपुर शहर से स्टेडियम तक बीआरटीएस बस चलाने का ऐलान पहले ही हो चुका है।

सोर्स:–” हिंदुस्तान” 


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *