• May 14, 2024 11:57 am

झारखंड सरकार गिराने की साजिश: पुलिस ने बढ़ाया जांच का दायरा, रिमांड पर लिए जाएंगे विधायक खरीद के आरोपी

ByPrompt Times

Jul 27, 2021

27-जुलाई-2021 | झारखंड में सरकार गिराने की साजिश की कड़ियों को जोड़ने के लिए रांची पुलिस ने अपनी तफ्तीश तेज कर दी है। साजिश का सच जानने के लिए पुलिस अपने जांच का दायरा बढ़ाएगी। साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस अब गिरफ्तार तीनों आरोपियों अभिषेक कुमार दुबे, निवारण कुमार महतो और अमित सिंह को रिमांड पर लेगी और उनसे पूछताछ करेगी। इसके लिए जल्द अदालत में आवेदन दिया जाएगा। इतना ही नहीं साजिश का सबूत जुटाने के लिए पुलिस टीम दिल्ली भी रवाना हो गयी है। यहां एयरपोर्ट और जिस होटल में आरोपी और झारखंड के तीनों विधायक रुके थे वहां के सीसीटीवी को खंगाला जाएगा। एयरपोर्ट ऑथिरिटी और विमानन कंपनी इंडिगो से भी कई जानकारियों जुटाई जाएंगी।

जानकारी के अनुसार रांची पुलिस तीनों आरोपियों अभिषेक, निवारण और अमित को पांच दिनों के रिमांड के लिए अदालत में आवेदन देगी। पुलिस अबतक जांच में आए तथ्यों के आधार पर उनसे पूछताछ करेगी। साथ ही पुलिस इस मामले में एयरपोर्ट ऑथिरिटी और इंडिगो से भी संपर्क कर यह जानकारी मांगेगी कि दो पीएनआर नंबरों से किन-किन यात्रियों की बुकिंग थी। साथ ही पुलिस यह पता भी लगाया जाएगा कि टिकट का भुगतान किसने किया था। बता दें कि आरोपी अमित ने पुलिस को बताया था कि फ्लाइट के टिकट की बुकिंग महाराष्ट्र के जयकुमार बेलखेड़े ने की थी।

दूसरी तरफ इस मामले की जांच के लिए पुलिस की टीम दिल्ली रवाना हो गई है। रांची के खलारी डीएसपी अनिमेष नैथानी के नेतृत्व में पुलिस की टीम दिल्ली गई है। खरीद फरोख्त के मामले में कथित तौर पर मध्यस्थता करने में गिरफ्तार अभिषेक और निवारण ने बताया था कि 15 जुलाई की शाम की फ्लाइट से तीनों विधायकों के साथ वे लोग दिल्ली गए थे। इसके बाद वहां एक होटल में तीनों विधायकों के साथ महाराष्ट्र के नेताओं की मुलाकात जयकुमार बलखेड़े ने करवायी थी। जांच के लिए दिल्ली गई टीम को निर्देश दिया गया है कि वह होटल के 15 जुलाई की शाम की सीसीटीवी विजुअल्स को जब्त करें। वहीं उसी शाम निवारण ने दूसरे जाने की बात कहीं थी, तब उसके साथ जयकुमार के होने की बात कही गई थी। ऐसे में पुलिस की टीम होटल हैरियर की भी सीसीटीवी खंगालेगी।

सीसीटीवी से खुलेगा अहम राज

रांची पुलिस दिल्ली के होटलों के अलावा एयरपोर्ट व ओरमांझी स्थित टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। एयरपोर्ट के फुटेज से इस बात की पुष्टि होगी कि तीनों आरोपियों के साथ तीन विधायक थे या नहीं। वहीं 15 जुलाई को अमित सिंह व निवारण महतो के एक साथ कार से ओरमांझी आने की बात भी सामने आयी थी। ऐसे में पुलिस ओरमांझी व बोकारो जिला स्थित एक टोल प्लाजा के सीसीटीवी की भी पड़ताल करेगी।

Source;-“हिन्दुस्तान”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *