16 दिसंबर 2023 ! विकसित भारत संकल्प यात्रा देश में शुरू की जा चुकी है. आज जिन पांच राज्यों में इस यात्रा को हरी झंडी दिखाई गई उनमें मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम है. इन राज्यों में विधानसभा चुनाव के दौरान लागू आचार संहिता के चलते इस योजना को लागू नहीं किया गया था. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले एक महीने के दौरान यह यात्रा ना केवल सैकड़ों शहरी बल्कि हजारों ग्रामीण इलाकों में जा चुकी हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान कहा कि आज जिन पांच राज्यों में विकसित भारत संकल्प यात्रा शुरू हो रही है, वहां की नई सरकारों से अपील है कि वे अपने-अपने राज्यों की जनता तक इस योजना का लाभ पहुंचाने के लिए हर व्यवस्था को सुदृढ़ करें. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का मकसद समाज के हर तबके तक केंद्र की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है.
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से कई लाभार्थियों से भी सीधी बातचीत की. लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री से बात करते हुए अपने-अपने अनुभव शेयर किये. विकसित भारत संकल्प यात्रा देश के उन गरीब, किसान मजदूरों के लिए खासतौर पर शुरू की गई है, जिन तक केंद्र सरकार की गारंटी वाली योजनाओं की पहुंच नहीं हो सकी हैं.
शनिवार को वर्चुअल बातचीत के दौरान मुंबई से जुड़ीं महिला उद्यमी मेघना ने बताया कि वह सिंगल मदर हैं. उसके सामने रोजगार का संकट था. ऐसे में उसने मुद्रा योजना के तहत बैंक से लोन लिया और उसने अपना व्यवसाय शुरू किया. मेघना ने बताया कि आज उसका बिजनेस काफी अच्छा चल रहा है और उसने कई महिलाओं को भी रोजगार दिया है. इसी तरह गुवाहाटी से कल्याणी ने बताया कि उसे भी बैंक से मिला, जिसके बाद अपना कारोबार शुरू किया.
सोर्स :- ” TV9 भारतवर्ष “
