• May 7, 2024 4:51 am

गंदगी भारत छोड़ो अभियान में देवास शहर प्रदेश में अव्वल

By

Dec 5, 2020
गंदगी भारत छोड़ो अभियान में देवास शहर प्रदेश में अव्वल

देवास। स्वच्छता को लेकर देवास शहर प्रदेश में अव्वल आया है। गंदगी भारत छोड़ो अभियान 2020 के तहत पांच लाख की जनसंख्या वाले शहरों में देवास को प्रथम स्थान मिला है। इस उपलब्धि के लिए देवास नगर निगम को शनिवार को भोपाल में मुख्यमंत्री के द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।

गंदगी भारत छोड़ो अभियान 2020 देश में स्वच्छता के लिए चलाया गया। प्रदेश की नगर निगमों ने इस अभियान में भाग लिया। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त विशालसिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में चल रहे स्वच्छता अभियान के अंतर्गत गंदगी भारत छोड़ो अभियान में देवास शहर ने भाग लिया और शहर की सामाजिक संस्थाओं तथा रहवासी संघों तथा शहर के सभी नागरिकों व निगम की टीम द्वारा मेहनत और लगन से इस अभियान में अपनी अहम भूमिका निभाई गई। जिसमें पांच लाख की जनसंख्या वाले शहरों में मध्यप्रदेश में देवास को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। आयुक्त ने आगे बताया कि स्वच्छता अभियान के अंतर्गत देवास शहर के प्रथम स्थान पर आने पर नगर निगम देवास को पांच दिसंबर शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा मिंटो हॉल भोपाल में आयोजित स्वच्छता सेवा सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इसका सीधा प्रसारण स्थानीय मल्हार स्मृति मंदिर सभागार में आयोजित स्वच्छता सेवा सम्मान समारोह में दोपहर 2.30 बजे से किया जाएगा। मल्हार स्मृति ऑडीटोरियम में आयोजित स्वच्छता सेवा सम्मान समारोह में स्वच्छता कार्यों में अपनी अहम भूमिका निभाने वाले निगम के सफाई मित्रों सहित डोर टू डोर कचरा संग्रहण वाहन के चालकों, कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।

  • रात में भी सफाई में लगे हैं 50 कर्मचारी

वहीं स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 के अंतर्गत नगर निगम आयुक्त चौहान के निर्देश पर शहर में विशेष रूप से साफ-सफाई कार्य नगर निगम की टीम द्वारा निरंतर किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रमुख स्थानों पर निगम द्वारा रखे गए डस्टबिन की व्यापक रूप से सफाई करवाई जाकर उससे निकलने वाले कचरे को उठवाए जाने का कार्य भी तत्काल करवाया जा रहा है तथा व्यवसायिक क्षेत्रों में रात्रिकालीन सफाई कार्य भी निरंतर रूप से किया जा रहा है। इसके लिए 40 से 50 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसी प्रकार वार्ड क्षेत्रों में स्थित नाले, नालियों, चैंबरों की विशेष रूप से सफाई करवाई जाने के साथ ही प्रमुख स्थानों पर स्थापित सार्वजनिक शौचालयों की भी सफाई निरंतर रूप से करवा रहे हैं। इसके अलावा सैनेटाइज का कार्य तथा एंटीलार्वा, कीटनाशक दवाई का छिड़काव भी निरंतर रूप से निगम की टीम द्वारा किया जा रहा है।

  • मोबाइल पर भी सीधा प्रसारण देखा जा सकेगा

मुख्यमंत्री पांच दिसंबर को प्रदेश में स्वच्छता अभियान में बेहतर कार्य करने वाले 56 नगरीय निकायों को सम्मानित करेंगे। मुख्यमंत्री चौहान स्वच्छता में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त निकायों, राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले निकायों और गंदगी भारत छोड़ो अभियान मध्यप्रदेश में बेहतर कार्य करने वाले निकायों को सम्मानित करेंगे। मुख्य कार्यक्रम मिंटो हॉल भोपाल में होगा। यह कार्यक्रम दूरदर्शन और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से सीधा प्रसारित किया जाएगा। शहरों में इस कार्यक्रम को नागरिकों को सीधे देखने के लिए व्यवस्था की जा रही है। एनआईसी द्वारा एक प्रि-रजिस्ट्रेशन लिंक जारी की गई है, जिसमें अपना नाम और फोन नंबर दर्ज करने पर लाइव प्रसारण से जुड़ने का लिंक प्राप्त होगा। इसके माध्यम से मोबाइल पर भी सीधा प्रसारण देखा जा सकेगा। मुख्यमंत्री कार्यक्रम में सफाईकर्मियों, अशासकीय संगठनों और आवासीय संघों के प्रतिनिधियों से संवाद भी करेंगे। उल्लेखनीय है कि स्वच्छ भारत मिशन शहरी के अंतर्गत प्रतिवर्ष स्वच्छता की देशव्यापी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है, जिसमें देश के चार हजार से अधिक शहरों के बीच स्वच्छता के विभिन्ना बिंदुओं पर प्रतियोगिता का आयोजन होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *