• June 4, 2026 8:30 pm

बोकारो में हाथियों का आतंक! 3 गांव पर बोला हमला, सूंड से पटक-पटककर बुजुर्ग को मार डाला

Share More

हाथियों के झुंड द्वारा ग्रामीणों पर हमला किए जाने और एक ग्रामीण की मौत की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई. ललपनिया थाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस ने वन विभाग को पूरे मामले से अवगत कराया है.

झारखंड में एक बार फिर से हाथियों के झुंड ने ग्रामीणों पर हमला किया है. हादसे में एक बुजुर्ग ग्रामीण की मौत हुई है. वहीं, दो महिलाएं घायल हैं. इनमे एक की हालत गंभीर बनी हुई है. हाथियों के आतंक से ग्रामीणों में खौफ बना हुआ है. झुंड में आए दर्जनों हाथियों ने खेतों में भी भारी नुकसान किया है.

घटना बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड की ललपनिया कोतवाली इलाके की है. हाथियों के झुंड के उत्पात की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस व वन विभाग के अधिकारी पहुंचे हैं. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. वहीं, घायल महिलाओं का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है. हादसे के बाद ग्रामीणों में दशहत है. पीड़ित परिजन मुआवजे की मांग कर रहे हैं.

खेत में दबोचा बुजुर्ग, सूंड से पटक-पटककर मार डाला

जिले में जंगली हाथियों के हमले की तीन घटनाएं हुई हैं. इनमें पहली घटना ललपनिया थाना क्षेत्र के गांव कोडवाटांड़ की है. यहां हाथियों के झुंड ने हमला कर एक बुजुर्ग की जान ले ली. घटना के मुताबिक, गांव के 60 वर्षीय बुजुर्ग सानू मांझी शौच के लिए खेत की ओर गए थे. अचानक उन पर हाथियों के झुंड ने हमला कर दिया. झुंड में शामिल कई हाथी उन्हें पटकने लगे. शोर सुनकर गांव के ग्रामीण वहां पहुंचे. गुस्साए हाथियों को देख किसी की हिम्मत उनकी ओर जाने की नहीं हुई. दूर से ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथियों को भगाया. सभी हाथी जंगल की ओर भाग गए. ग्रामीणों ने जब सानू मांझी को उठाया तो वह दम तोड़ चुके थे.

दो महिलाओं पर भी किया हमला, एक की हालत गंभीर

दूसरी घटना तुलबुल पंचायत के चैलियाटांड गांव में हुई. यहां हाथियों के झुंड ने एक महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया. ग्रामीणों के अनुसार, गांव की रहने वाली 25 वर्षीय सुहानी हेम्ब्रम कुएं पर पानी भरने गयी थी. तभी महिला के ऊपर हाथियों के झुंड ने हमला कर दिया. गनीमत रही कि ग्रामीणों द्वारा शोर मचाने पर हाथी उसे छोड़कर भाग गए. हमले में वह घायल हो गई. हाथियों के हमले की तीसरी घटना ललपनिया की है. यहां की रहने वाली 35 वर्षीय मंजरी देवी को हाथियों ने सूंड़ से पटक-पटल कर घायल कर दिया. दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. जहां एक घायल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है.

जब हाथियों के डर से लगानी पड़ी थी धारा 144

झारखंड में अकसर हाथियों के झुंड हिंसक होकर लोगों पर हमले करते रहते हैं. उनके आतंक से सबसे ज्यादा ग्रामीण इलाकों में दहशत रहती है. हाथियों का इतना आतंक है कई बार प्रशासन को धारा 144 तक लगानी पड़ी है. बीते वर्ष हाथियों के बढ़ते आतंक के कारण रांची के इटकी प्रखंड में प्रशासन के द्वारा एहतियातन धारा 144 लगाना पड़ा था. हाथियों के झुंड द्वारा इटकी प्रखंड में उत्पाद मचाते हुए 5 ग्रामीणों को कुचल दिया गया था जिसमें 4 की मौत हो गयी थी. इसके बाद रांची जिला प्रशासन के द्वारा धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई थी.

सोर्स :- ” TV9 भारतवर्ष “


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *