1 दिसंबर 2023 ! कांग्रेस के उभरते नेताओं में जीतू पटवारी भी शामिल हैं. मध्य प्रदेश की सियासत में 2020 के बड़े दलबदल में ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद पार्टी के अंदर वैक्यूम को जीतू पटवारी भरने की कोशिश कर रहे हैं. पार्टी को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं. वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और उनके बड़ी संख्या में फॉलोअर्स भी हैं. राहुल गांधी के करीबी नेताओं में शुमार किए जाने वाले जीतू पटवारी इंदौर जिले की राऊ विधानसभा सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.
कांग्रेस ने जीतू पटवारी पर भरोसा जताते हुए विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार अभियान समिति का सह-अध्यक्ष बनाया. इस समिति के अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया थे. वह राऊ विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं और इस बार वह जीत की हैट्रिक लगाने के मूड में हैं. राऊ सीट पर बीजेपी ने उनके खिलाफ चुनाव मैदाव में मधु वर्मा को उतारा है. 2018 के चुनाव में एमपी में जब कांग्रेस की सरकार बनी थी तब कमलनाथ सरकार में वह उच्च शिक्षा, खेल और युवा मामलों के मंत्री बनाए गए.
कांग्रेस ने चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में शिवराज सरकार के खिलाफ 7 इलाकों में जन आक्रोश यात्रा निकाली थी जिसमें मालवा इलाके में यात्रा का नेतृत्व जीतू पटवारी ने किया था. यही नहीं जीतू मध्य प्रदेश में कांग्रेस के मीडिया सेल के प्रभारी भी रह चुके हैं. वह प्रदेश कांग्रेस में कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं. इससे पहले जीतू राज्य में पार्टी के सचिव भी थे.
19 नवंबर 1973 को जन्मे जीतू पटवारी की पहचान प्रदेश में एक मुखर वक्ता और जुझारू नेता के तौर पर है. राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के समय भी साथ रहे. जीतू का नाता एक संपन्न किसान परिवार से है. उनका परिवार लंबे समय से राजनीति में है. दादा कोदरलाल पटवारी आजादी के जंग में शामिल हुए थे. जबकि उनके पिता रमेश चंद्र पटवारी कांग्रेस के सक्रिय सदस्य थे. जीतू की स्कूली शिक्षा इंदौर में ही हुई. उन्होंने देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी से LLB की डिग्री हासिल ली.
अपने चुनावी हलफनामे में जीतू पटवारी ने पत्नी समेत 18.70 करोड़ रुपये की संपत्ति बताई है. उनकी सलाना आय 16.52 लाख रुपये है, जबकि उनकी पत्नी की सालाना आय 11.12 लाख रुपये है. साथ ही पटवारी के पास 49 लाख की चल संपत्ति है तो अचल संपत्ति की कीमत 9.69 करोड़ रुपये है. उनकी पत्नी के पास चल संपत्ति 8.67 लाख है. वर्तमान में अचल संपत्ति 8.43 करोड़ रुपये है. उन पर 1.06 करोड़ और पत्नी पर 2.64 करोड़ रुपये का लोन भी है.
सोर्स :- ” TV9 भारतवर्ष “
