09 मई 2022 | ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और कमेंटेटर इयान चैपल ने भारत के स्पीड स्टार उमरान मलिक को लेकर अहम बयान दिया है। चैपल ने कहा- इंडियन टीम मैनेजमेंट तेज गेंदबाजों का पूल तैयार कर चुका है, लेकिन भविष्य में उमरान मलिक की पेस की अनदेखी कर पाना उनके लिए काफी मुश्किल होगा।
चैपल की बात को विश्व क्रिकेट में गंभीरता से लिया जाता है। क्रिकइन्फो से बातचीत में चैपल ने कहा- IPL की वजह से इंडियन क्रिकेट में कई शानदार तेज गेंदबाज सामने आए हैं और यह सिलसिला बदस्तूर जारी है। IPL देखने वालों की जुबान पर अभी सिर्फ उमरान मलिक का नाम है।
भारत के पास तेज गेंदबाजों की भरमार
चैपल मानते हैं कि दुनिया में तेज गेंदबाजों को सिर-आंखों पर बिठाया जाता है और टीम इंडिया इस रेस में बढ़ती नजर आ रही है। भारत विश्व क्रिकेट में बड़ी ताकत है। अगर वह यूं ही खेलती रही, तो आने वाले वक्त में भी लीडिंग टीम बनी रहेगी।
चैपल ने कहा- टीम इंडिया के पास तेज गेंदबाजों का भरमार दूसरी टीमों के जलन की वजह बन सकता है। इयान चैपल जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज जैसे फास्ट बॉलर्स को टीम इंडिया के ओवरसीज में बढ़ते रुतबे का क्रेडिट देते हैं। साथ ही वह इस उपलब्धि के लिए ईशांत शर्मा, उमेश यादव और शार्दूल ठाकुर की भूमिका को भी सराहते हैं।

पहले काफी खिलाड़ी मुश्किल हालात में हथियार डाल देते थे
चैपल ने 1969 में भारत का दौरा किया था। इयान कहते हैं- अब वो दौर गुजर गया, जब कुछ भारतीय खिलाड़ी मुश्किल हालात में हथियार डाल देते थे और नॉन प्लेइंग प्लेयर बन जाते थे। एक वक्त था जब कुछ इंडियन प्लेयर सिर्फ टेस्ट टीम में आकर ब्लेजर, स्वेटर और कैप पहनते थे। अब ऐसी भारतीय टीम का सामने है, जिसे हराना बेहद मुश्किल है।
चैपल ने आगे कहा- टीम इंडिया के पास पहले भी तेज गेंदबाज हुआ करते थे, हालांकि उनके पास पेस की कमी होती थी। इसके बाद IPL आया। इसके जरिए मौजूदा पेस बॉलर्स सामने आए। अब भारत के पास मजबूत बैटिंग, खतरनाक और धारदार बॉलिंग यूनिट है।
Source;- ‘’दैनिक भास्कर’
