• June 6, 2026 2:24 am

गूगल ने दिया 48 लाख तो इस कंपनी ने 52 लाख का सैलरी पैकेज, Patna NIT के छात्रों को बंपर ऑफर

Share More

09 फ़रवरी 2023 | कहते हैं पढ़ाई का दूसरा विकल्प नहीं होता। अगर आप पढ़ने में होशियार हैं तो कामयाबी जरूर आपके कदम चूमेगी। पटना एनआईटी के छात्रों ने इस मिसाल को सच साबित किया है। यहां कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में छात्रों को लाखों की सैलरी ऑफर की गई है। NIT पटना में छात्रों को जिन कंपनियों की ओर से ऑफर आए हैं उनमें गूगल जैसी बड़ी कंपनियां भी शामिल हैं। जिसने एक छात्र को 48 लाख का सालाना पैकेज ऑफर किया है। जानकारी के मुताबिक, 2022-23 के सेशन में NIT-P के करीब 80 फीसदी छात्रों का चयन हुआ है।

छात्रों को जमकर मिली कैंपस प्लेसमेंट

बिहार के चर्चित इंजीनियरिंग कॉलेज नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT-Patna) में कैंपस प्लेसमेंट के दौरान 609 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया। जिसमें 535 छात्रों का सेलेक्शन हुआ। इसका मतलब हुआ कि करीब 80 फीसदी छात्रों को उनके मन-मुताबिक प्लेसमेंट मिल गई। एनआईटी पटना के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के प्रभारी शैलेश मणि पांडेय ने बताया कि जिन छात्रों को प्लेसमेंट नहीं मिली है उन्हें भी जल्द ही जॉब ऑफर हो जाएंगे। प्लेसमेंट ड्राइव आगे भी चलेंगी जिसमें उनके चुने जाने की संभावना है।

CRED ने दिया 52 लाख सालाना का ऑफर

इंस्टीट्यूट की ओर से बताया गया कि 2022-23 के सेशन अब तक सबसे ज्यादा 52 लाख सालाना का पैकेज ऑफर किया गया है। CRED की ओर से इस सीजन का अधिकतम वेतन पैकेज दिया गया है। दूसरे नंबर पर Google जिसने सालाना 48 लाख रुपये का पैकेज ऑफर किया है। ये दोनों पैकेज कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के छात्रों को ऑफर किए गए। इस दौरान अब तक दिया गया औसत वेतन पैकेज 16.80 लाख रुपये सालाना है। वहीं मिनिमम सालाना पैकेज 6 लाख रुपये है।

कंप्यूटर साइंस स्टूडेंट को मिला 90 फीसदी प्लेसमेंट

कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग विभाग ने अधिकतम 90 प्रतिशत प्लेसमेंट की जानकारी दी है। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक्स में 86 फीसदी और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 65 फीसदी प्लेसमेंट हुआ है। इस साल पटना NIT में छात्रों की प्लेसमेंट के लिए जो कंपनियां कैंपस में आईं उनमें सी-डॉट, एल एंड टी, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL), मॉर्गन स्टेनली, एडोब, सैमसंग, अमेज़ॅन, फोन पे आदि शामिल रहे।

एनआईटी पटना के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के प्रभारी शैलेश मणि पांडेय ने कहा कि कुछ छात्रों की भर्ती के लिए जल्द ही 100 और कंपनियों के परिसर में आने की संभावना है। इसी सीजन के छात्रों की प्लेसमेंट ड्राइव का सेकंड फेज भी जल्द फाइनल होगा।

सोर्स :- “नवभारतटाइम्स”                    

Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *