• April 29, 2024 10:33 am

हरियाणा- नहीं जल रही पराली, फिर भी आठ शहर अधिक प्रदूषित, फरीदाबाद और गुरुग्राम में सबसे अधिक एक्यूआई

02 दिसंबर 2021 | पराली नहीं जलाए जाने के बाद भी हरियाणा के आठ शहरों में वायु गुणवत्ता स्तर (एक्यूआई) खतरनाक स्तर पर है। फरीदाबाद (388) और गुरुग्राम (360) में सबसे अधिक एक्यूआई दर्ज किया गया है। जबकि पंचकूला और पलवल ऐसे शहर हैं, जहां का वायु गुणवत्ता स्तर संतोषजनक है। आने वाले दो दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में संभावित बूंदाबांदी से प्रदूषण में सुधार की उम्मीद है।

गौरतलब है कि हरियाणा में दिवाली के समय कई शहरों का एक्यूआई 400 पार चला गया था। एक समय पूरे देश में हरियाणा सबसे प्रदूषित रहा था। उस समय दिवाली के पटाखों और पराली जलाने के कारण ऐसे हालत बने थे। लेकिन इस समय हरियाणा में अधिकतर धान काट ली गई है और उसके स्थान पर गेहूं की बिजाई की जा चुकी है। ऐसे में अब पराली जलाने के मामले न के बराबर हैं, बावजूद इसके शहरों में प्रदूषण स्तर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। 

शहर                   एक्यूआई
फरीदाबाद            388
हिसार                  365
गुरुग्राम               360
जींद                    360
रोहतक               329
बहादुरगढ़           337
कुरुक्षेत्र               323
कैथल                 301

6874 स्थानों पर जले पराली के अवशेष

इस बार सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद 6874 स्थानों पर पराली के अवशेष जलाए गए। अब पराली जलाने के मामले नहीं के बराबर आ रहे हैं। सबसे अधिक फतेहाबाद 1473, कैथल 1158, करनाल 953, जींद 898, कुरुक्षेत्र 538, सिरसा 531, अंबाला 307, पानीपत 241, सोनीपत 201, हिसार 226, यमुनानगर 146 और पलवल में 114 स्थानों पर पराली जलाई गई है। 

आज और रविवार को बारिश के आसार
दिसंबर की शुरुआत में ही ठंड ने दस्तक दे दी है। आसमान में बादल छाए हैं और तापमान में गिरावट आ गई है। गुरुवार को हरियाणा के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। शुक्रवार और शनिवार को धूप खिलेगी, लेकिन रविवार को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा और बारिश होगी। हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में कई जगहों पर बर्फबारी होने के आसार है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। दिसंबर के मध्य तक कोहरा भी दस्तक दे देगा। -डॉ. मनमनोहन सिंह, निदेशक, मौसम विभाग, चंडीगढ़।

Source :-“अमर उजाला”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *