• May 6, 2024 8:47 pm

‘उन्होंने सिर्फ हिंदू भाईचारे का अपमान नहीं किया…’ सुनील जाखड़ का कांग्रेस पर हमला

19 मई 2022 | बीजेपी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जाखड़ ने केंद्र की सत्ताधारी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।

पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। बीजेपी में शामिल होने से करीब एक हफ्ते पहले उन्होंने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। बीजेपी में शामिल होने के बाद जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने केवल हिंदू भाईचारे का बल्कि सिख भाईचारे का भी अपमान किया।

बीजेपी में शामिल होने के बाद जाखड़ ने कहा कि पिछले 50 साल में मेरे परिवार की तीन पीढ़ियों ने कांग्रेस पार्टी की सेवा की। उन्होंने कहा कि आज मैंने पंजाब में राष्ट्रवाद, एकता और भाईचारे के मुद्दों पर कांग्रेस के साथ 50 साल पुराना नाता तोड़ दिया है।

उन्होंने आगे कहा ‘मैं पंजाब के भाईचारे के लिए लड़ रहा हूं। जो काम एके-47 की गोलियां नहीं कर पाई, उन्होंने (कांग्रेस ने) अपनी जुबान से किया कि एक खास समुदाय के व्यक्ति को (सीएम के रूप में) नहीं चुना जा सकता है। उन्होंने न केवल हिंदू भाईचारे का बल्कि सिख भाईचारे का भी अपमान किया।’

फरवरी में चुनावी राजनीति से संन्यास की घोषणा करने वाले जाखड़ को पार्टी की ओर से कारण बताओ नोटिस दिया गया था और पिछले महीने राज्य के चुनावों में कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर पार्टी के सभी पदों से हटा दिया गया था। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि जाखड़ के बयानों ने पार्टी की चुनावी संभावनाओं को प्रभावित किया था। 

बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को करारी शिकस्त देते हुए सत्ता तक पहुंच गई। आम आदमी पार्टी ने सांसद भगवंत मान को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया है। पंजाब में सुनील जाखड़ की गिनती प्रभावशाली नेताओं में होती है। 

नवजोत सिंह सिद्धू के कांग्रेस अध्यक्ष बनने से पहले सुनील जाखड़ चार साल तक पंजाब कांग्रेस के प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। 68 साल के नेता ने कहा कि कांग्रेस अस्तित्व के संकट का सामना कर रही है लेकिन वे ऐसा व्यवहार कर रहे हैं जैसे राष्ट्र की जिम्मेदारी उसके कंधों पर है।

Source;-“हिंदुस्तान”  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *