• June 8, 2026 4:50 am

तेज धूप बढ़ाएगी गर्मी, बारिश के बाद उमस करेगी परेशान; 48 घंटों का अलर्ट

Share More

30 मई 2022 | बिहार में एकसाथ दो तरह का मौसम है। राज्य में गर्मी के साथ बारिश का अलर्ट है। एक तरफ तेज धूप से तापमान बढ़ रहा है, दूसरी तरफ बारिश से मौसम ठंडा हो रहा है। ठंड और गर्म के बीच मौसम आम लोगों को परेशान करने वाला है। देश में मानसून केरल से एक्टिव हो गया है, लेकिन बिहार में अभी मौसम की आंख मिचौली जारी है। मौसम विभाग ने बारिश से गर्मी का अलर्ट करते हुए मानसून आने तक ऐसे मौसम बने रहने की चेतावनी दी है।

24 घंटे में बारिश से ठंडा हुआ मौसम

बिहार में 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार की शाम से सोमवार की सुबह तक जमुई, बांका, मधुबनी, सुपौल, सीतामढ़ी, अररिया के कुछ हिस्सों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है। इसके पूर्व रविवार को पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं पूर्णिया, कटिहार, मुंगेर, सहरसा, बेगूसराय, पटना, नालंदा, नवादा, जहानाबाद में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। बारिश के कारण संबंधित जिलों में तापमान अधिक नहीं हुआ है। ऐसे में इन जिलों में लोगों को थोड़ी राहत है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि बारिश वाले जिलों में सोमवार दोपहर में उमस वाली गर्मी बढ़ जाएगी।

गर्मी से नहीं मिल रही राहत

मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे में बिहार में दो तरह के मौसम का अलर्ट किया है। एक तरफ जहां बारिश को लेकर अलर्ट है, वहीं दूसरी तरफ गर्मी का भी अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटे के दौरान राज्य का अधिकतम तापमान सबसे अधिक बक्सर में 38.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया और इस दौरान राज्य के बाल्मीकी नगर में सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।

अगले 24 से 48 घंटे में भी बारिश के साथ कड़ी धूप को लेकर अलर्ट किया गया है। इस मौसम में बीमारी के साथ संक्रमण का भी बड़ा खतरा है। ऐसे में लोगों को बचाव के लिए अलर्ट रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान राज्य के उत्तर पूर्व भागों के एक दो स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान बताते हुए 48 घंटे तक तापमान में कोई बढ़ोत्तरी नहीं होने की बात कही है, लेकिन इसके बाद 2 से 4 डिग्री की बढ़त का भी पूर्वानुमान जताया है।

जानिए क्यों हैं मौसम का दो रंग

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में दो रंग के मौसम का बड़ा कारण हवा का रुख है। यह हर दिन कभी तेज कभी दिशा बदलकर कम हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक एक पूर्व पश्चिम ट्रफ रेखा उत्तर पश्चिम राजस्थान से हरियाणा उत्तर प्रदेश बिहार एवं पश्चिम बंगाल के उप हिमालयी क्षेत्र से होते हुए पूर्वी असम तक गुजर रही है।

इसके कारण बिहार में पूर्वी एवं उत्तर पूर्वी तेज हवा का प्रवाह हो रहा है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर बिहार के भागों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ 30 से 40 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश का भी पूर्वानुमान है। वहीं राज्य के दक्षिण मध्य एवं दक्षिण पूर्व भागों के एक दो स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।

Source;- ‘’दैनिकभास्कर’’


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *