16 फ़रवरी 2022 | भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे पहले टी-20 मैच में रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला किया है। भारत की ओर से लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को टी-20 डेब्यू करने का मौका मिला है। इस फॉर्मेट में खेलने वाले वह 95वें भारतीय खिलाड़ी बने। उन्हें युजवेंद्र चहल ने डेब्यू कैप दी।
मैच का लाइव स्कोर देखने के लिए यहां क्लिक करें
चोट के कारण टीम के उपकप्तान केएल राहुल सीरीज से बाहर हैं। ऐसे में पहले मुकाबले में ईशान किशन रोहित शर्मा के साथ सलामी बल्लेबाज के रूप में उतर सकते हैं।
2017 से नहीं हारी टीम इंडिया
वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली तीन टी-20 सीरीज में भारत को जीत मिली है। वेस्टइंडीज ने आखिरी बार 2017 में टी-20 सीरीज में भारत को हराया था। 5 सालों में टीम इंडिया को वेस्टइंडीज नहीं हरा पाई है।
इन खिलाड़ियों पर होगी नजरें
टी-20 सीरीज से ठीक पहले हुए IPL ऑक्शन में मौजूदा टीम इंडिया में शामिल 10 खिलाड़ियों को नीलामी में बड़े खरीदार मिले हैं। ऐसे में सभी की नजरें श्रेयस अय्यर (कोलकाता नाइट राइडर्स, 12 करोड़ 25 लाख रुपए), हर्षल पटेल (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, 10 करोड़ 75 लाख रुपए) और शार्दूल ठाकुर (दिल्ली कैपिटल्स, 10 करोड़ 75 लाख रुपए) पर होंगी।
कोहली की फॉर्म बड़ी चिंता
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली वनडे सीरीज में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। ऐसे में आज होने वाले मुकाबले में इस खिलाड़ी से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। कोहली का पिछला शतक इसी मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ नवंबर 2019 में आया था। कोहली के अलावा श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव से भी टीम को काफी उम्मीदें होंगी। वनडे सीरीज में ये दोनों खिलाड़ी अच्छी फॉर्म में थे।
स्पिन डिपार्टमेंट में युजवेंद्र चहल पर एक बार फिर दारोमदार होगा, जिन्होंने वनडे सीरीज में वापसी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। यह देखना होगा कि वॉशिंगटन सुंदर के पैर की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उनके सीरीज से बाहर होने के बाद राजस्थान के लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को डेब्यू का मौका मिलता है या नहीं। IPL और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद बिश्नोई को टीम में शामिल किया गया है।
पोलार्ड की टीम जीतना चाहेगी पहला मैच
एक दिवसीय सीरीज में फ्लॉप शो के बाद कीरोन पोलार्ड की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज की टीम अपने टी-20 सीरीज में बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी। ऑलराउंडर जेसन होल्डर अच्छी फॉर्म में हैं और उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के आखिरी मैच में चार गेंद में चार विकेट लिए थे। टीम के पास होल्डर के अलावा ओडियन स्मिथ, अकील हुसैन और पोलार्ड जैसे आलराउंडर मौजूद हैं।
Source;-“दैनिक भास्कर”
