• April 26, 2024 4:53 pm

162 के स्ट्राइक रेट से बेंगलुरु के खिलाफ चलता है ईशान का बल्ला, मैक्सवेल बिगाड़ सकते हैं मुंबई का खेल

09 अप्रैल 2022 | IPL के डबल हेडर में आज शाम 7:30 बजे से मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीमें टकराएंगी। यह मैच महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम (MCA) में खेला जाएगा। जहां RCB 3 में से 2 मुकाबले जीत चुकी है तो वहीं, MI को हार की हैट्रिक बनाने  के बाद पहली जीत का इंतजार है। इस बड़े मुकाबले की शुरुआत से पहले आइए जानते हैं कि किन खिलाड़ियों को अधिक से अधिक पॉइंट्स जीतने के लिए फैंटेसी इलेवन की टीम में शामिल किया जा सकता है।

आज के मैच में ज्यादा से ज्यादा फैंटेसी पॉइंट्स जीतने के लिए ईशान किशन और दिनेश कार्तिक को बतौर विकेटकीपर टीम में लिया जा सकता है। मौजूदा IPL में शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान ने RCB के खिलाफ 9 मुकाबलों में 162 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 99 रहा है। आज भी वह मुंबई को तूफानी शुरुआत दे सकते हैं।

बात करें दिनेश कार्तिक की तो बेंगलुरु को फंसे हुए 2 मुकाबले जिताकर वह फैंस के चहेते बन गए हैं। 191 की स्ट्राइक रेट से राजस्थान की मजबूत बॉलिंग लाइनअप के खिलाफ उन्होंने 23 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए। इस वजह से बेंगलुरु 170 का टारगेट चेज कर सकी। आज भी उनसे बड़ी पारी की उम्मीद है।

बैटर
फाफ डु प्लेसिस, ग्लेन मैक्सवेल, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा को बल्लेबाजों के रूप में फैंटेसी टीम का हिस्सा बनाना फायदेमंद हो सकता है। फाफ लास्ट सीजन केवल 5 रनों से ऑरेंज कैप हासिल करने से चूक गए थे। नए सीजन की शुरुआत भी उन्होंने 57 गेंदों पर 88 रनों की तूफानी पारी से की। इस दौरान उनके बल्ले से 3 चौके और 7 छक्के निकले थे। ग्लेन मैक्सवेल ने मुंबई के खिलाफ 14 मुकाबलों में 151 की स्ट्राइक रेट से 349 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 33 चौके और 17 छक्के निकले हैं।

KKR के खिलाफ 144 की स्ट्राइक रेट से 36 गेंदों पर 52 रन की आतिशी पारी खेलकर सूर्यकुमार यादव ने फॉर्म में वापसी का संकेत दे दिया है। आज वह मुंबई की हार का अंधियारा दूर करने के लिए कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे। तिलक वर्मा को इस सीजन के सबसे बड़े उभरते हुए खिलाड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। कोलकाता और राजस्थान के खिलाफ जिस तेजी से उन्होंने रन जोड़े हैं, उसे देखकर लगता है कि आज के मैच में भी उनके बल्ले से तूफानी पारी निकल सकती है।

वानिंदु हसरंगा और कीरोन पोलार्ड को इस मुकाबले में ऑलराउंडर के रूप में लेना पॉइंट्स के लिहाज से लाभकारी हो सकता है। कोलकाता के खिलाफ 4 ओवर्स में 20 रन देकर हसरंगा ने 4 विकेट झटके थे। इसके साथ ही वह बल्ले से बड़े-बड़े शॉट्स लगाने में भी माहिर हैं। कीरोन पोलार्ड ने पैट कमिंस के खिलाफ अंतिम ओवर में 3 छक्के मारकर फॉर्म में वापसी का ऐलान किया। 5 गेंदों पर 440 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 22 रन जड़ने के बाद आज पोलार्ड दर्शक दीर्घा में और भी कई गेंदें भेजने को आतुर होंगे।

गेंदबाज
हर्षल पटेल, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को आज फैंटेसी-11 की टीम में लेना लाभकारी हो सकता है। पर्पल हर्षल के नाम से लोकप्रिय हर्षल पटेल बेंगलुरु के गेंदबाजी आक्रमण की जान हैं। लास्ट ईयर 32 विकेट लेने वाले हर्षल इस साल भी बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे हैं। कोलकाता के खिलाफ 4 ओवर्स में केवल 11 रन देकर उन्होंने 2 विकेट चटकाए थे।

मुंबई इंडियंस के खिलाफ हर्षल पटेल ने 10 मैच खेले हैं, जिसमें 7.59 की इकॉनमी से 18 विकेट चटकाए हैं। आज भी वह घातक साबित हो सकते हैं। बात करें जसप्रीत बुमराह की तो उन्होंने 17 मुकाबलों में RCB के खिलाफ 7.57 की इकॉनमी से 24 विकेट लिए हैं। आज भी उनसे खतरनाक स्पेल की उम्मीद है। मोहम्मद सिराज कुछ समय से जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। वह आज भी मुंबई पर भारी पड़ सकते हैं।

कप्तान के रूप में ईशान किशन और उप-कप्तान के तौर पर ग्लेन मैक्सवेल को चुनना काफी फैंटेसी पॉइंट्स दे सकता है।

Source :-“दैनिक भास्कर”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *