• May 16, 2024 3:48 am

आतंकी हमलों से दहला जम्मू-कश्मीर, एक दिन में दो टारगेट किलिंग

03 मई 2022 | कश्मीर में लगातार हो रही टारगेट किलिंग से दहशत का माहौल है। लगातार हो रहे हमलों ने वहां रह रहे हिंदुओं को डरा दिया है। गुरुवार सुबह ही कुलगाम में एक बैंक मैनेजर विजय कुमार को गोलियों से भून दिया गया। वहीं फिर गुरुवार रात को बडगाम के चडूरा के मगरेपोरा में दो गैर स्थानीय मजदूरों पर फायरिंग की गई जिसमें एक की मौत हो गई। मृतक का नाम दिलखुश कुमार है जो बिहार के रहने वाले थे। दोनों मजदूर ईट-भट्ठे पर काम करने वाले थे। 

उधर, कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हल्का बुखार और कुछ लक्षण नजर आने के बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया था और उनका उपचार चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना की है। एक ट्वीट कर उन्होंने कहा, मैं कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी के लिए जल्दी स्वस्थ होने की कामना करता हूं। 

मॉर्निंग ब्रीफ न्यूज में पढ़ें देश-दुनिया की खास खबरें-

जम्मू-कश्मीर पर अमित शाह की हाईलेवल मीटिंग, NSA डोभाल भी हुए शामिल 
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा की स्थिति पर हाईलेवल मीटिंग की। आतंकवादियों द्वारा घाटी में लक्षित हत्याओं को अंजाम दिए जाने के बीच 15 दिन से भी कम समय में इस तरह की यह दूसरी बैठक है। बैठक में NSA अजित डोभाल भी शामिल हुए। 

जिन्हें कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा करनी है, उन्हें फिल्म के प्रचार से फुर्सत नहीं : राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कश्मीर घाटी में एक बैंक कर्मचारी की हत्या की घटना को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि जिनको कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा करनी है, उनको फिल्म के प्रचार से फुर्सत नहीं है। उन्होंने यह दावा भी किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कश्मीर को सिर्फ अपनी सत्ता की सीढ़ी बनाया है। गांधी ने ट्वीट किया, बैंक मैनेजर, शिक्षक और कई मासूम लोग रोज़ मारे जा रहे हैं, कश्मीरी पंडित पलायन कर रहे हैं। जिनको इनकी सुरक्षा करनी है, उनको फिल्म के प्रचार से फुर्सत नहीं है। भाजपा ने कश्मीर को सिर्फ अपनी सत्ता की सीढ़ी बनाया है। 

‘अब मंदिर के लिए संघ कोई आंदोलन नहीं करेगा’, नागपुर में बोले RSS प्रमुख मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयं सेवक (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने बृहस्पतिवार को ज्ञानवापी मुद्दे पर कहा कि अब मंदिर के लिए संघ कोई आंदोलन नहीं करेगा। हर मस्जिद में शिवलिंग क्यों निकल रहे हैं। भागवत ने यह बातें एक कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि इतिहास को बदला नहीं जा सकता है। अब किसी मंदिर के लिए संघ आंदोलन नहीं करेगा। हर मस्जिद में शिवलिंग क्यों निकल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें किसी को जीतना नहीं है, हमें सबको जोड़ना है। हमें किसी को डराना नहीं, डरना भी नहीं है। क्या हम विश्व विजेता बनना चाहते हैं, या नहीं। आरएसएस प्रमुख ने कहा कि मस्जिद सभी समान पूर्वज के वशंज हैं। भारत किसी को जीतने के लिए काम नहीं करता। 

मशहूर संतूर वादक पंडित भजन सोपोरी का निधन, 74 की उम्र में ली अंतिम सांस 
दुनियाभर में मशहूर संतूर वादक और संगीतकार पंडित भजन सोपोरी का निधन हो गया है। उनके बेटे अभय सोपोरी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उनका गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा था और यहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। वो 74 साल के थे। पंडित भजन सोपोरी का जन्म 1948 में श्रीनगर में हुआ था। 

नई संसद में होगा इस बार का शीत कालीन सत्र- हरदीप पुरी
राजधानी दिल्ली में ‘सेंट्रल विस्टा एवेन्यू’ या राजपथ के पुनर्विकास की परियोजना अगले दस-पंद्रह दिनों में पूरी हो जाएगी। केंद्रीय आवास और शहरी विकास मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार विजय चौक से इंडिया गेट तक के क्षेत्र को नया भव्य स्वरूप मिलेगा। इन सबके बीच केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को कहा कि केंद्र ने सेंट्रल विस्टा एवेन्यू प्रोजेक्ट के तहत पुनर्विकसित राजपथ पर ही गणतंत्र दिवस परेड कराने का लक्ष्य हासिल कर लिया है। संसद का शीतकालीन सत्र भी नए संसद भवन में होगा जिसे टाटा प्रोजेक्ट लिमिटेड तैयार कर रहा है।

अमेरिका में फिर गोलीबारी, अस्पताल में बंदूकधारी ने मचाया ‘आतंक’, हमलावर समेत 5 लोगों की मौत 
अमेरिका में ओक्लाहोमा के तुलसा स्थित एक अस्पताल में हुई गोलीबारी में हमलावर सहित पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने तुलसा में सेंट फ्रांसिस अस्पताल परिसर में गोलीबारी की घटना की पुष्टि की। पुलिस ने बताया कि घटना के समय संदिग्ध के पास एक लंबी राइफल और एक हैंड गन थी। अधिकारी ने कहा कि संदिग्ध एक अश्वेत पुरुष था, जिसकी उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच हो सकती है। 

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आएगी गिरावट! ओपेक देशों से कच्चे तेल को लेकर आई बड़ी अपडेट
तेल निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) और रूस समेत सहयोगी देश जुलाई और अगस्त में कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ाकर 6,48,000 बैरल प्रतिदिन करेंगे। इस कदम से ऊर्जा के ऊंचे दाम और फलस्वरूप बढ़ती महंगाई से प्रभावित वैश्विक अर्थव्यवस्था को कुछ राहत मिलेगी। ओपेक और सहयोगी देशों (ओपेक प्लस) का निर्णय महामारी के दौरान की गयी कटौती को तेजी से बहाल करने में मददगार होगा। समूह 2020 से उत्पादन में कटौती को धीरे-धीरे बहाल करने के लिये हर महीने प्रति दिन 4,32,000 बैरल का उत्पादन कर रहा था। 

Source;-“पंजाब केसरी” 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *