11 फ़रवरी 2023 | भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा आज बस्तर दौरे पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। जहां वे चुनाव के मद्देनजर बीजेपी कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। जेपी नड्डा के दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा के जुझारू कार्यकर्ताओं को सफलता का मंत्र देने आ रहे हैं। वे बस्तर से चुनावी शंखनाद करेंगे। साव ने बताया कि 11 फरवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एक दिवसीय प्रवास पर जगदलपुर में रहेंगे। वहां वे लोकसभा की कोर कमेटी की बैठक लेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा सुबह नौ बजे दिल्ली से विशेष विमान द्वारा रवाना होकर सुबह 11 बजे सीधे मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर पहुंचेंगे। वे जगदलपुर में मां दंतेश्वरी मंदिर में माता का दर्शन करेंगे। पूजा अर्चना के बाद वे भाजपा कार्यालय जगदलपुर पहुंचेंगे और पार्टी की लोकसभा कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इसके बाद जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। साव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता चुनाव जीतने के लिए कमर कसकर तैयार हैं। इससे पहले पार्टी के पूर्व अध्यक्ष तथा देश के गृहमंत्री अमित शाह कोरबा में विशाल जनसभा को संबोधित कर चुके हैं।

दिवंगत कार्यकर्ता सागर साहू को श्रद्धांजलि देंगे नड्डा

जगदलपुर कार्यक्रम के बाद अपने दिवंगत कार्यकर्ता सागर साहू को श्रद्धांजलि देने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा नारायणपुर जाएंगे। बता दें कि शुक्रवार रात नारायणपुर के भाजपा जिला उपाध्यक्ष की घर में घुस कर गोली मार कर हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में उन्हें जिला मुख्यालय के अस्पताल में देर रात लाया गया है, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। साहू 25 वर्षों से भाजपा से जुड़े हुए हैं। साथ ही वे साहू समाज का ग्रामीण अध्यक्ष का दायित्व भी उनपर था।

सोर्स :-“नईदुनिया”