मृतक एक निजी कंपनी में सेल्समैन था. वह रात में खाना खाकर टहलने निकला था. युवक की मौत से घर में चीख-पुकार मच गई. मृतक और गोली मारने वाला आरोपी एक ही मौहल्ले के रहने वाले हैं. पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं. परिजनों का कहना है कि मृतक की आरोपी से कोई रंजिश नहीं थी. वह मौहल्ले में लोगों को अपनी दबंगई दिखाता है.
सहारनपुर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां दबंग आरोपी ने अपने ही मौहल्ले के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना से इलाके में दहशत फैल गई. युवक की हत्या दबंगई के चलते की गई. सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
सहारनपुर के सदर थाना बाजार इलाके के पठानपुरा मोहल्ले के अमन को गोली मारी गई है. गोली मारने वाला आरोपी मौहल्ले का ही सचिन है. घटना के मुताबिक, रविवार की रात अमन खाना खाने के बाद अपनी गली में टहल रहा था. इस दौरान सचिन से उसका झगड़ा हो गया. सचिन ने अमन को गोली मार दी. गोली अमन की कमर पर लगी जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा. गोली मारने के बाद सचिन वहां से भाग गया.
दबंगई के चलते की गई हत्या
गली के लोगों ने अमन के घर जाकर उसके भाई को घटना की सूचना दी. घटनास्थल पर पहुंचे अमन के परिजन और गली के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे. डॉक्टरों ने उसकी मृत घोषित कर दिया. अमन की मौत से परिजनों में कोहराम गया. परिजनों ने सचिन के खिलाफ पुलिस को शिकायत की हैं. अमन के परिजनों का कहना है कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी. उनका आरोप है कि मौहल्ले के लोग सचिन की दबंगई से काफी परेशान थे. वह आए दिन लोगों को तंग करता रहता और जान से मारने की धमकियां देता था. परिजनों का आरोप है कि सचिन के पास हथियार भी रहते हैं. वह लोगों से कहता है कि मुझसे डर के रहो वरना मैं तुम्हारा मर्डर कर दूंगा.
पुलिस ने दी जानकारी
इस मामले में सहारनपुर के एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि सदर बाजार थाना इलाके के पठानपुरा में एक युवक को गोली मारी गई है. जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच की. सचिन नाम के युवक ने अमन की कमर पर गोली मारी जिससे उसकी मौत हो गई है. अमन को गोली मारने का क्या कुछ कारण रहा है, यह अभी तक पता नहीं चल सका है. आरोपी सचिन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीम लगा दी गई है.
