• June 9, 2026 8:59 pm

Mahashivratri in Ujjain- महाशिवरात्रि पर अयोध्या जैसी दमकेगी अवंतिका नगरी

Share More

16 फ़रवरी 2022 | Mahashivratri in Ujjain: महाशिवरात्रि पर उज्जैन के महाकाल मंदिर, इस्कान मंदिर, शक्तिपीठ हरसिद्धी मंदिर, भर्तृहरि की गुफा और चित्रगुप्त घाट पर होंगे दीप प्रज्वलित।

Mahashivratri in Ujjain: उज्जैन  महाशिवरात्रि पर तीर्थपुरी अवंतिका अध्योध्या जैसी दमकेगी। घर घर दीप सजेंगे, मंदिरों में भी दीपमालिका सजाई जाएगी। दीपोत्सव को लेकर विभिन्ना्‌ समाज और संस्थाएं जोरदार तैयारी कर रहे हैं। प्रशासन ने भी 12 लाख दीपक व 14 हजार लीटर तेल खरीदने के इंतजाम शुरू कर दिए हैं। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज दीपोत्सव की व्यापक तैयारी कर रहा है। अध्यक्ष सुरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया शहर में समाज के 18 हजार घर हैं। समाज के सभी घरों में दीपमालिका सजाने को लेकर तैयारी की जा रही है। माहेश्वरी समाज द्वारा 21 हजार से अधिक दीपक लगाए जाएंगे। इस अभियान में समाज के एक हजार परिवार शामिल होंगे।

प्रत्येक घर में 21 दीपक लगाने का लक्ष्‌य निर्धारित किया गया है। अभा माहेश्वरी महासभा, माहेश्वरी महिला मंडल ट्रस्ट ने सामजजन से गोलामंडी स्थित माहेश्वरी भवन पर भी दीप प्रज्वलित करने का आग्रह किया है। महाराष्ट्र समाज द्वारा महाशिवरात्रि पर समाज के सभी घरों में वंदनवार से सज्जा की जाएगी। घर आंगन में रांगोली बनाकर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। वैश्य समाज के 25 हजार घरों में भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

इन मंदिरों में मनेगी देव दीवाली

महाकाल मंदिर : विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में कोटितीर्थ कुंड, परिसर में निश्चित स्थान तथा सभा मंडप की छत पर 51 हजार दीपक लगाए जाएंगे। मंदिर प्रशासन ने शयन आरती भक्त मंडल, नियमित दर्शनार्थी भक्त परिवार तथा भस्मारती भक्त मंडल को दीपोत्सव की जिम्मेदारी सौंपी है।

– इस्कान मंदिर : भरतपुरी स्थित इस्कान मंदिर में पांच हजार दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे। पीआरओ राघव पंडित दास ने बताया मंदिर में आकर्षक सज्जा भी की जाएगी।

 शक्तिपीठ हरसिद्धि : देश के 52 शक्तिपीठों में से एक शक्तिपीठ हरसिद्धि में शिवरात्रि पर दीपमालिका सजेगी। इसके अलावा परिसर में पांच हजार दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे।

– भर्तृहरि की गुफा : राजा भर्तृहरि की तप स्थली भर्तृहरि की गुफा में भी दीपोत्सव मनाया जाएगा। पीठाधीश्वर पीर रामनाथजी महाराज ने बताया परिसर में पांच हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

– चित्रगुप्त घाट : कायस्थ समाज द्वारा मोक्षदायिनी शिप्रा के चित्रगुप्त घाट पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। शहर के चित्रगुप्त मंदिर तथा विद्या नगर स्थित केंद्रीय कार्यालय पर दीपोत्सव मनाया जाएगा।

शिप्रा की महाआरती होगी

महाशिवरात्रि पर श्री क्षेत्र पंडा समिति द्वारा शिप्रा तट स्थित महाकाल पेढ़ी पर शिप्रा की महाआरती की जाएगी। समिति अध्यक्ष पं.राजेश त्रिवेदी ने बताया महाकाल पेढ़ी पर पांच हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। 11 पंडित गंगा की तर्ज पर शिप्रा की महाआरती करेंगे।

Source;-“नईदुनिया”


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *