• June 6, 2026 2:57 am

महापौर-पार्षद निधि बढ़ाई गई:विकास के लिए अब सवा दो करोड़ पाएंगे बड़े शहरों के महापौर, पार्षदों को भी 6 लाख

Share More

30 अप्रैल 2022 | छत्तीसगढ़ में महापौरों और पार्षदों की विकास निधि बढ़ा दी गई है। नगरीय प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को इसका आदेश जारी कर दिया। इस आदेश से तीन लाख से अधिक आबादी वाले नगर निगमों के महापौर की विकास निधि डेढ़ करोड़ रुपए से बढ़ाकर सवा दो करोड़ रुपए की दी गई है। तीन लाख से कम आबादी वाले नगर निगमों के महापौर की विकास निधि भी एक करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपए हो गई है। पहले ऐसे शहरों के महापौर को केवल 75 लाख रुपए की विकास निधि मिलती थी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 31 मार्च को सीएम हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम में महापौर और पार्षद निधि बढ़ाने की घोषणा की थी। उसको अमल में लाते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने विकास निधि बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया। नये आदेश के मुताबिक 50 हजार से अधिक जनसंख्या वाली नगर पालिका में अध्यक्ष निधि की राशि 50 लाख से बढ़ाकर 75 लाख रूपए कर दी गई है। वहीं 50 हजार से कम जनसंख्या वाली नगर पालिका में अध्यक्ष निधि की राशि 25 लाख से बढ़ाकर 37 लाख 50 हजार रुपए की गई है। 10 हजार से अधिक जनसंख्या वाली नगर पंचायतों में अध्यक्ष निधि की राशि 15 लाख रुपए से बढ़ाकर 22 लाख 50 हजार रुपए और 10 हजार से कम जनसंख्या वाली नगर पंचायतों में अध्यक्ष निधि की राशि 10 लाख रुपए से बढ़ाकर 15 लाख रुपए की गई है। इस निधि के तहत राज्य सरकार नगरीय निकायों को निकाय क्षेत्र में महापौरों, अध्यक्षों और पार्षदों की अनुशंसा पर विकास कार्य हेतु अनुदान राशि दी जाती है।

नगर निगम के पार्षदों-एल्डरमेन की निधि अब ऐसी होगी

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगर पालिक निगमों में पार्षद निधि 4 लाख रुपए से बढ़ाकर 6 लाख रुपए कर दिया है। नगर निगम में एल्डरमेन विकास निधि की राशि 3 लाख रुपए से बढ़ाकर 4 लाख 50 हजार रुपए कर दिया गया है।

नगर पालिकाओं में पार्षद-एल्डरमेन इतना खर्च करा पाएंगे

नये आदेश के मुताबिक नगर पालिका में पार्षद निधि 3 लाख रुपए से बढ़ाकर 4 लाख 50 लाख रुपए कर दी गई है। पालिकाओं में सरकार की ओर से मनोनीत पार्षद यानी एल्डरमेन की विकास निधि 2 लाख रुपए से बढ़ाकर 3 लाख रुपए हो गई है।

नगर पंचायतों में भी अधिक काम हो पाएगा

नये आदेश के बाद नगर पंचायतों के पार्षद भी अधिक राशि के काम की अनुशंसा कर पाएंगे। नगर पंचायतों की पार्षद निधि 2 लाख रुपए से बढ़ाकर 3 लाख रुपए कर दी गई है। वहीं नगर पंचायत में एल्डरमेन निधि की राशि डेढ़ लाख रूपए से बढ़ाकर 2 लाख 25 हजार रुपए की गई है।

Source;- ‘’दैनिकभास्कर’’


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *