13 फ़रवरी 2023 | हरियाणा के फतेहाबाद में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। पिछले दिनों बढ़ते तापमान के बाद सोमवार सुबह एकाएक फिर पाला जम गया। न्यूनतम तापमान में 2-3 दिनों में 5 डिग्री तक की गिरावट आ चुकी है। इस कारण पाला जमने की स्थिति बन गई। गांव कुम्हारिया में एक गाड़ी की छत पर इतना पाला जमा मिला, जितना जनवरी के माह में था। तापमान में गिरावट के बाद आज सुबह ठंड भी देखने को मिली।
दिन मे गर्मी, रातें सर्द
फतेहाबाद में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री के आसपास दर्ज हुआ। जो पिछले दिनों की अपेक्षा 5 डिग्री कम रहा और फरवरी माह में अब तक सबसे ज्यादा दर्ज न्यूनतम तापमान से 10 डिग्री कम था। इस बार फरवरी माह में काफी गर्मी महसूस की जा रही है और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक दर्ज हो चुका है लेकिन 2-3 दिन से फिर तापमान में गिरावट हो रही है।
3 डिग्री गिरा पारा
क्षेत्र में 3 दिन पहले न्यूनतम तापमान 8 डिग्री था जबकि कल 6 डिग्री था। कल से ही आज न्यूनतम तापमान 3 डिग्री गिरा है। अधिकतम तापमान 25 डिग्री के आसपास बना हुआ है। हालांकि यह भी पिछले दिन की अपेक्षा डेढ़ डिग्री कम दर्ज हुआ है। आज 4.4 किलोमीटर की रफ्तार से उत्तर से पश्चिम की तरफ हवाएं चलीं।
सरसों को नुकसान
यह पहला अब सरसों की फसल पर असर डालेगा। मार्च महीने में सरसों की कटाई भी शुरू हो जाएगी, लेकिन जिन किसानों ने पछेती सरसों की फसल की बिजाई की थी उस पर इस पाले का असर देखने को मिलेगा। जिले में जनवरी माह में भी पाला जमा था, जिसका असर सरसों की फसल पर हुआ।
फतेहाबाद जिले में 5000 एकड़ सरसों की फसल प्रभावित हुई थी। कृषि विभाग ने मुआवजे के लिए उच्च अधिकारियों को भेज दिया है लेकिन यह कब मिलेगा किसी को कुछ पता नहीं। किसानों की माने तो इस बार बरसात ना होने के कारण बार-बार पाला जम रहा है जो फसलों पर बुरा असर डाल रहा है।
