• June 9, 2026 12:37 am

Mohd Rafi एक बार केवल खाना खाने चुपके से चले गए थे London

ByPrompt Times

Jul 30, 2022
Share More

30 जुलाई 2022 Mohd Rafi मोहम्‍मद रफी साहब एक अभूतपूर्व गायक और बेमिसाल इंसान तो थे ही, वे खाने-पीने के भी जबर्दस्‍त शौकीन थे। उन्‍हें जानने वाले उनकी इस खासियत को बखूबी जानते हैं। वे एक अच्‍छे मेजबान भी थे। खाना और खिलाना उनकी तबीयत में शुमार था। संगीतकार खय्याम ने एक साक्षात्‍कार में बताया कि उन्‍हें व उनकी जगजीत कौर पत्‍नी को रफी साहब अक्‍सर दावतों पर आमंत्रित करते थे। वे अपने घर पर उम्‍दा खाना बनवाते थे। उनके खाने खिलाने के कई किस्‍से मशहूर हैं लेकिन एक किस्‍सा ऐसा है जिसे जानकर आप हैरान हो जाएंगे। एक बार वे केवल खाना खाने के लिए लंदन गए थे। यह वाकया उनकी बहू यास्‍मीन ने एक बार बताया था। जानिये क्‍या था यह मज़ेदार किस्‍सा।

यह तब की बात है जब रफी साहब ब्रिटेन के कोविंट्री में एक शो करने गए थे। यह उनका लाइव कांसर्ट था। वहां उनकी बहू अपने पति यानी रफी साहब के बेटे खालिद के साथ उनसे मिलने पहुंची। उन्‍हें रफी साहब कुछ मायूस से नज़र आए। बात करने पर मालूम हुआ कि वहां जो खाना मिल रहा है वह उन्‍हें पसंद नहीं आ रहा है। इसके चलते उनका मूड उखड़ा हुआ सा था। कुछ देर बाद रफी साहब ने दोनों से पूछा कि यहां से लंदन कितनी दूरी पर है? जवाब मिला, तकरीबन 3 घंटे का सफर है। जवाब सुनकर रफी साहब ने यास्‍मीन से पूछा क्‍या तुम घंटे भर में दाल-चावल और चटनी तैयार कर सकती हो? यास्‍मीन ने कहा हां डैडी, बना दूंगी। यह सुनकर रफी साहब बोले, तो ठीक है, हम सब लोग यहां से सीधे लंदन चलते हैं। वहीं पर खाना खाएंगे। इस बात को किसी को बताने की जरूरत नहीं है। हमारी पूरी कोशिश रहेगी कि शो के पहले ही शाम 7 बजे या इससे पहले हम कोविंट्री वापस लौट आएंगे। उनका यह प्‍लान सुनकर वैसे तो दोनों हैरान रह गए लेकिन राजी भी हो गए। फिर रफी साहब अपने बेटे खालिद व यास्‍मीन के साथ लंदन के लिए रवाना हो गए।

लंदन में उनका अपना घर था इसलिए कोई समस्‍या नहीं थी। वहां पहुंचकर यास्‍मीन ने झटपट दाल चावल और चटनी बनाई। साथ ही प्‍याज और टमाटर का सलाद भी तैयार किया। रफी साहब ने छककर यह लज़ीज़ खाना खाया और उनकी तबीयत हरी हो गई। खाने के बाद यास्‍मीन को शुक्रिया कहते हुए उन्‍होंने बहुत दुआएं भी दीं। उनके चेहरे पर बाल सुलभ संतुष्टि के भाव थे मानो किसी छोटे बच्‍चे को उसकी पसंद की कोई चीज या खिलौना मिल गया हो। जैसे बच्‍चे चहक उठते हैं, वैसे ही रफी साहब भी पसंदीदा खाना खाकर खिल उठे। इसके बाद तीनों वापस कोविंट्री शो के लिए रवाना हो गए।

वहां मौजूद लोगों ने उन्‍हें देखकर सवाल दागा कि आखिर आप कहां चले गए थे? सब आपको यहां खोज रहे थे। यह सुनकर रफी साहब धीरे से मुस्‍कुराते हुए बोले, हम खाना खाने के लिए लंदन गए हुए थे। माजरा जानकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए लेकिन रफी साहब के चेहरे पर पूर्ण संतुष्टि के भाव थे। यह मज़ेदार वाकया You Tuber यू-ट्यूबर रेट्रो शाहवेज Retro Shavez ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर शेयर किया है। इसे अभी तक 80 हज़ार से अधिक लोग देख चुके हैं, डेढ़ हज़ार लोगों ने इसे लाइक भी किया है और इस पर सवा सौ कमेंट्स आ चुके हैं।

Source;-“नईदुनिया”     


Share More

Related Post

रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी से की मुलाकात
रोडवेज बस की चपेट में आने से दो युवकों की मौत
19,000 एकड़ में अफीम की खेती नष्ट की गई, दो माह में 190 लोग गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *